NZ vs ENG: रोमांचक तीसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 2 विकेट से हराया, सीरीज को 3-0 से किया अपने नाम 

NZ vs ENG: रोमांचक तीसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 2 विकेट से हराया, सीरीज को 3-0 से किया अपने नाम 

मुकाबले में ब्लेयर टिकनर ने झटके 4 विकेट

New Zealand vs England, 3rd ODI (Image Credit- Twitter X)
New Zealand vs England, 3rd ODI
(Image Credit- Twitter X)

न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा व आखिरी मुकाबला आज 1 नवंबर, शनिवार को दोनों टीमों के बीच, वेलिंगटन के स्काई स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि इस करीबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 2 विकेट से जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में इंग्लैंड का 3-0 से सफाया कर दिया।

न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड, तीसरे वनडे मैच का हाल

मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो मेजबान न्यूजीलैंड ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम 40.2 ओवरों में कुल 222 रनों पर सिमट गई। टाॅप ऑर्डर के चार बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं कर पाए।

जेमी स्मिथ 5, बेन डेकट 8, जो रूट 2 और कप्तान हैरी ब्रूक 6 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौटे। हालांकि, जोस बटलर ने 38, सैम करन ने 17, जेमी ओवरटन ने 68, ब्रायडन कार्स ने 36 रनों की पारी खेल टीम को एक सम्माजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

दूसरी ओर, कीवी टीम की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो कायल जैमिंसन का रिप्लेसमेंट बनकर आए ब्लेयर टिकनर ने 10 ओवरों में 64 रन खर्च करते हुए 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा जैकब डफी को 3, जैकरी फूक्स को 2 और मिचेल सेंटनर को 1 विकेट मिला।

इसके बाद, न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड से मिले 223 रनों के टारगेट को 44.4 ओवरों में 8 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज डेवाॅन काॅन्वे ने 34 और रचिन रवींद्र ने 46 रनों की पारी खेली, तो डेरिल मिचेल ने 44 व मिचेल सेंटनर ने 27 रनों का योगदान दिया।

लेकिन मुकाबले में 196 रनों पर कीवी टीम के 8 विकेट गिर गए थे, और इस समय लग रहा था कि कीवी टीम मैच को गंवा देगी। हालांकि, अंत में जैकरी फूक्स 14* और ब्लेयर टिकनर ने 18* रन बनाकर नाबाद रहे और टीम की जीत सुनिश्चित की। इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन व सैम करन को 2-2 और ब्रायडन कार्स व आदिल रशीद को 1-1 विकेट मिला।

close whatsapp