जॉस बटलर के तूफान में उड़ी RCB की उम्मीदें और राजस्थान रॉयल्स की टीम ने IPL 2022 सीजन के फाइनल मुकाबले में बनाई जगह - क्रिकट्रैकर हिंदी

जॉस बटलर के तूफान में उड़ी RCB की उम्मीदें और राजस्थान रॉयल्स की टीम ने IPL 2022 सीजन के फाइनल मुकाबले में बनाई जगह

प्रसिद्ध कृष्णा ने इस मुकाबले में 4 ओवरों में 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

Jos Buttler. (Photo Source: IPL/BCCI)
Jos Buttler. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम को 7 विकेट से मात देते हुए फाइनल मुकाबले में अपनी जगह को पक्का कर लिया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम को 20 ओवरों में 158 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उन्होंने 18.1 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल करते हुए फाइनल में जगह को पक्का किया जहां 29 मई को उनका मुकाबला गुजरात टाइटंस की टीम से होगा। इस मैच में राजस्थान की तरफ से जॉस बटलर ने 60 गेंदों में 106 रनों की नाबाद धमाकेदार पारी खेली।

रजत पाटीदार ने एक बार फिर संभाली पारी लेकिन दूसरे छोर से नहीं मिला साथ

राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान संजू सैमसन ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से पारी की शुरुआत करने कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली मैदान पर उतरे। लेकिन RCB की टीम को पहला झटका 9 के स्कोर पर विराट कोहली के रूप में लगा जो सिर्फ 7 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद डु प्लेसिस और रजत पाटीदार ने पहले 6 ओवर में टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया और स्कोर को 46 रन तक पहुंचा दिया।

जिससे सभी को उम्मीद थी कि फाफ के बल्ले से इस मुकाबले में बड़ी पारी देखने को मिलेगी लेकिन वह 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जिसके बाद बल्लेबाजी का सारा दरोमदार रजत पाटीदार के कंधों पर देखने को मिला। जो एक छोर से स्कोर की गति को तेजी से बढ़ाने का प्रयास तो कर रहे थे, लेकिन दूसरे छोर से बेहतर सहयोग नहीं मिल सका।

रजत के बल्ले से 42 गेंदों में 58 रनों की पारी देखने को मिली वहीं मैक्सवेल ने भी 13 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली। जिससे RCB की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 157 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से इस मुकाबले में प्रसिद्ध कृष्णा और ओबेद मैकॉय ने 3-3 विकेट हासिल किए।

जॉस ने शुरुआती ओवरों में ही पूरी तरह से खत्म कर दिया मैच

158 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की तरफ से इस मैच में धमाकेदार शुरुआत देखने को मिली। जिसमें जॉस बटलर और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए शुरुआती 5 ओवरों में ही 61 रनों की साझेदारी कर दी। इसके बाद जायसवाल जहां 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं दूसरे छोर से जॉस बटलर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करना जारी रखा जिससे लगातार राजस्थान रॉयल्स के ऊपर से दबाब कम होता चला गया।

मुकाबले को पूरी तरह से बटलर ने अपने बल्ले के दम पर एकतरफा करते हुए इस मैच में 60 गेंदों में 106 रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेलते हुए टीम को 18.1 ओवरों में ही इस लक्ष्य तक पहुंचा दिया। अब राजस्थान रॉयल्स की टीम 29 मई को फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलने उतरेगी।

यहां पर देखिए राजस्थान रॉयल्स की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने दी क्या प्रतिक्रिया:

https://twitter.com/ChokerKohli/status/1530229611593756673?s=20&t=2TM6lNwKPZDciBSfH-yEJA

https://twitter.com/jadejamayur010/status/1530230846602416129?s=20&t=2TM6lNwKPZDciBSfH-yEJAhttps://twitter.com/arcomedys/status/1530228866500857856?s=20&t=2TM6lNwKPZDciBSfH-yEJA

close whatsapp