आप कितने भी बड़े खिलाड़ी क्यों न हो, माइलस्टोन आपके दिमाग में रहेगा: पार्थिव पटेल
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में अश्विन 500 टेस्ट विकेट के आंकड़े को छू सकते हैं।
अद्यतन - जनवरी 23, 2024 2:54 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने एक बयान दिया है जिससे क्रिकेट बिरादरी में थोड़ी-बहुत हल-चल पैदा हो गई है। पार्थिव का कहना है कि आप कितने भी बड़े खिलाड़ी क्यों ना हो, आपके मन में हमेशा रिकाॅर्ड्स (माइलस्टोन) रहते हैं।
गौरतलब है कि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरूआत होने वाली है, जिसका पहला मैच 25 जनवरी, गुरूवार से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। तो वहीं इस सीरीज में अनुभवी भारतीय गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट के आंकड़े को छू सकते हैं। अश्विन के इस समय 490 टेस्ट विकेट हैं।
पार्थिव पटेल ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज को लेकर जियो सिनेमा पर मैच प्रीव्यू करते हुए जब एक्पर्ट पार्थिव पटेल से पूछा गया कि अगर आप अश्विन होते तो आप क्यो सोचते तो उन्होंने कहा है कि मैं भी इसी बारे में सोचता। जहीर खान ने पार्थिव से पूछा कि अश्विन की इस टेस्ट सीरीज के दौरान मनोदशा कैसी रहने वाली है। तो उन्होंने कहा-
ये पांच मैचों की टेस्ट सीरीज है, और मैं आपको बताना चाहता हूं कि अश्विन के लिए 10 विकेट लेना महत्वपूर्ण है। लेकिन टीम में किसी और के लिए भी विकेट लेना भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि जिस तरह का फाॅर्म रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के पास है।
अगर आप माइलस्टोन की बात करें तो आप कितने भी बड़े खिलाड़ी क्यों ना हो, आपको मन में हमेशा यह रहेगा। यह एक बड़ी उपलब्धि है, और यह रातों-रात नहीं मिलती है। इसके लिए आप 10-15 साल मेहनत करते हैं और उसके बाद यहां पहुंचते हैं। बहुत कम ऐसे क्रिकेटर हैं, जो यह मुकाम हासिल कर पाते हैं। साथ ही मुझे लगता है कि अश्विन को वहां पहुंचने के लिए 2 टेस्ट मैचों से ज्यादा की जरूरत नहीं होगी।
ये भी पढ़ें- IND vs ENG: भारत के खिलाफ टेस्ट में जबर प्रदर्शन करने के लिए इस खिलाड़ी से प्रेरणा ले रहे हैं Zak Crawley