श्रीलंका से हारने के बाद पाकिस्तान के बल्लेबाजों की भर-भर के आलोचना कर रहे हैं आकाश चोपड़ा
एशिया कप के आखिरी सुपर-4 मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को दी मात।
अद्यतन - Sep 10, 2022 10:52 am

एशिया कप 2022 सुपर 4 मुकाबले में शुक्रवार, 9 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तान के बल्लेबाज खासकर बाबर आजम की जमकर आलोचना की है।
श्रीलंका के खिलाफ मैच में पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम पूरे 20 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाई और 121 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद श्रीलंका ने 122 रनों के लक्ष्य को बेहद आसानी से पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
अपने YouTube चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में शुक्रवार के मैच की रिव्यू करते हुए, चोपड़ा ने कहा कि मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर में एकमात्र बल्लेबाज हैं जो आक्रामक तरीके से खेलने की कोशिश करते हैं।
आकाश चोपड़ा ने जमकर की बाबर आजम की आलोचना
उन्होंने कहा कि, “जब आप टॉस हारते हैं, तो आपको पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है, और फिर रनों की उम्मीद होती है। सच कहूं, तो सच कड़वा है,टॉप तीन में से कोई भी बल्लेबाज बड़ी हिट मारने की कोशिश नहीं करता है, सिवाय मोहम्मद रिजवान के, जो खेल को आगे बढ़ाने के लिए, कम से कम चौके और छक्के लगाने की कोशिश करता है। और ऐसा करते हुए भी आउट हो जाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “बाबर और फखर ऐसे खेल रहे थे जैसे वे चाहते थे कि दूसरा खिलाड़ी हिट करे। उनमें से कोई भी हिट नहीं कर रहा था। आप पहले दस ओवरों में एक रन प्रति गेंद के हिसाब से रन बन रहे थे। आप 29 गेंदों पर 30 रन बनाते हैं। यह काम नहीं आएगा।”
बाबर ने 29 गेंदों में दो चौकों की मदद से 30 रन बनाए। फखर ने 13 रन बनाने के लिए 18 गेंदें खेलीं और सिर्फ एक चौका लगाया। रिजवान के बड़े शॉट खेलने की कोशिश में आउट होने के बाद दोनों ने करीब छह ओवर में 35 रन जोड़े।