क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन को IPL में खेलने के लिए किया है मना? जाने मैथ्यू हेडन का जवाब
हाल ही में समाप्त हुई भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में कैमरन ग्रीन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था और इसी वजह से वो लाइमलाइट में आए।
अद्यतन - Sep 29, 2022 4:09 pm

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर मैथ्यू हेडन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अपील की है कि भले ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी टीमें कैमरन ग्रीन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए लाखों रुपए खर्च करने के लिए तैयार है लेकिन आप इन प्रस्तावों को अस्वीकार ना करें। बता दें, हाल ही में समाप्त हुई भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में कैमरन ग्रीन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था और इसी वजह से वो लाइमलाइट में आए।
टेस्ट डेब्यू करने से पहले ग्रेग चैपल ने ग्रीन के लिए कहा था कि रिकी पोंटिंग के बाद वो ऑस्ट्रेलिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं। भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में उन्होंने साबित कर दिया कि चैपल ने उनके लिए बिल्कुल सही कहा था। पहले टी-20 मुकाबले में उनकी बेहतरीन आक्रमक पारी की वजह से ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन के लक्ष्य को बड़ी आसानी से बना लिया था।
भारत से पहले न्यूजीलैंड सीरीज में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। बता दें, सिर्फ बल्लेबाजी से ही नहीं ग्रीन ने गेंदबाजी से भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
तीसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया पारी की शुरुआत से पहले मैथ्यू हेडन ने कहा कि, ‘ग्रीन को अभी तक आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला है लेकिन मैं आपको बताऊंगा कि ऑलराउंडर गेंदबाज सोने की धूल है, सोने की धूल। खासतौर पर अगर आप ऐसे खेल सकते हैं तो क्या ही कहने। वो बस मैदान पर आकर छक्के और चौकों की बरसात कर देते हैं।
जितने मौके मिले आप उसका भरपूर फायदा उठाएं: मैथ्यू हेडन
उस समय कमेंट्री बॉक्स में हेडन के साथ भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर भी मौजूद थे और उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहें हैं कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ग्रीन को IPL में भाग लेने के लिए मना कर रहा है क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं यह ऑलराउंडर लड़खड़ा ना जाए।
इस पर मैथ्यू हेडन ने कहा कि, ‘अगर ऐसा है तो यह बकवास है क्योंकि आपको यह सीखना बेहद जरूरी के खेल कैसे खेला जाता है। आप इसे नेट्स में नहीं खेल सकते बल्कि मैदान के बीच में परिस्थितियों को समझकर खेलते हैं। आपको जितने भी मौके मिले हैं उसका भरपूर फायदा उठाएं। जब हम अपने समय में काउंटी क्रिकेट खेलते थे तो बस उसके पीछे का यही कारण होता था कि अपने शरीर को और मांसपेशियों को अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने के लिए मजबूत करना।’