उम्र 18 साल, 4 इंटरनेशनल मैच का अनुभव, ये खिलाड़ी अफगानिस्तान को दिखा रहा है एशिया कप जीतने के सपने
अफगानिस्तान की टीम इस वक्त पाकिस्तान के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है।
अद्यतन - Aug 26, 2023 4:40 pm

एशिया कप के शुरू होने में अब महज कुछ ही दिनों का वक्त बाकी रह गया है। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से ठीक पहले अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद ने अपने फैंस को उम्मीद दी है कि वो आगामी एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। 6 टीमों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत बुधवार, 30 अगस्त को श्रीलंका और पाकिस्तान में हाइब्रिड मॉडल में हो रहा है।
18 वर्षीय बाएं हाथ के चाइनामैन गेंदबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ चल रही सीरीज के लिए एकदिवसीय टीम में वापसी की। हालांकि इस सीरीज में उन्हें अभी तक एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है। वहीं अगर सीरीज की बात करें तो अफगानिस्तान इसमें अभी 0-2 से पीछे है। ऐसा माना जा रहा था कि उन्हें तीसरे वनडे मैच में खेलने का मौका मिल सकता है लेकिन वहां भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।
हम एशिया कप जीतने की पूरी कोशिश करेंगे- नूर अहमद
IANS से बात करते हुए , अहमद ने कहा कि एशिया कप के अधिकांश मैच श्रीलंका की स्पिन-अनुकूल पिचों होंगी। ऐसे में अफगानिस्तान के टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने की संभावना काफी ज्यादा है। नूर अहमद ने कहा कि, “एक टीम के रूप में, हम सिर्फ एशिया कप में भाग नहीं लेंगे, बल्कि हम कुछ अच्छा क्रिकेट खेलने और कप जीतने की कोशिश करेंगे।
हमारे पास बहुत मजबूत स्पिन आक्रमण है। इसके अलावा, हमारे अधिकांश खेल श्रीलंका में खेले जाएंगे और ऐसे में हम निश्चित रूप से कुछ अच्छी क्रिकेट खेलना चाहेंगे।” इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान टीम में वापसी के बारे में भी बात की और बताया कि कैसे श्रीलंका में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज खेलने से उनकी टीम को एशिया कप की तैयारियों में मदद मिल रही है।
युवा गेंदबाज ने कहा कि, “यह आगामी एशिया कप और वर्ल्ड कप के लिए खुद को तैयार करने का एक अच्छा मौका है और हम अच्छी तैयारी कर रहे हैं। हमारी टीम 15 दिन पहले श्रीलंका आई थी। हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे। यह सब आपके खुद पर विश्वास के बारे में है। हर दिन मैं अभ्यास के लिए जाता हूं, मुझे विश्वास रहता है कि मैं बेहतर हो सकता हूं। मैं हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा।”