नुरूल हसन को बांग्लादेश टीम का टी-20 कप्तान इसलिए नियुक्त किया गया है क्योंकि वह इसके काबिल हैं: शाकिब अल हसन
मुझे लगता है उनको कप्तानी इसलिए दी गई है क्योंकि वह इसके लिए सबसे लायक खिलाड़ी है: शाकिब अल हसन
अद्यतन - Jul 24, 2022 7:43 pm

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने विकेटकीपर बल्लेबाज नुरूल हसन सोहन को आगामी जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज के लिए बांग्लादेश टीम का कप्तान नियुक्त किया है। बता दें, इस सीरीज में महमूदुल्लाह रियाद को आराम दिया गया है। टीम के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन का कहना है कि नुरूल इस भूमिका के लिए सबसे अच्छे खिलाड़ी हैं और उनके कप्तान नियुक्त होने के बाद भविष्य में टीम में काफी बदलाव देखने को मिलेगा।
शाकिब का मानना है कि जिंबाब्वे सीरीज सभी के लिए काफी अच्छी चुनौतीपूर्ण होगी और नुरूल इस भूमिका में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। इसी के साथ BCB के क्रिकेट संचालन अध्यक्ष, जलाल यूनुस ने इस बात की पुष्टि की है कि महमूदुल्लाह ही उनके नियमित टी20 कप्तान बने रहेंगे।
इंडिया टुडे के मुताबिक शाकिब अल हसन ने कहा कि, ‘मुझे लगता है उनको कप्तानी इसलिए दी गई है क्योंकि वह इसके लिए सबसे काबिल खिलाड़ी हैं। BCB को लगता है कि नुरूल भविष्य में बांग्लादेश टीम को बहुत कुछ दे सकते हैं, इसीलिए उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है। मैं उन्हें आगे के लिए बहुत ढेर सारी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। उम्मीद है वह इस चुनौती में अच्छी तरह से खरे उतरेंगे ।
महमूदुल्लाह की कप्तानी के बारे में पहले ही बातचीत हो चुकी है: जलाल यूनुस
रिपोर्ट के मुताबिक, BCB, महमूदुल्लाह के टी-20 फॉर्मेट की कप्तानी शैली से काफी नाखुश है। जलाल यूनुस के मुताबिक बोर्ड पिछले कुछ समय से महमूदुल्लाह की कप्तानी को लेकर चर्चा कर रही है।
यूनुस जलाल ने कहा कि, ‘हम लोग टी-20 टीम को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चा कर रहे हैं। महमूदुल्लाह की कप्तानी को लेकर भी काफी चर्चा हुई। आज हमने महमूदुल्लाह रियाद को बुलाया और टी-20 टीम को लेकर बातचीत की। उनसे बातचीत करने के बाद हमने यह फैसला किया है कि नई टीम को भेजा जाए। हम कुछ नए खिलाड़ियों को मौका देंगे। इसलिए हमने सोहन को टीम की कप्तानी का जिम्मा दिया है।
बांग्लादेश के जिंबाब्वे दौरे में तीन टी-20 मुकाबले और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे जो 30 जुलाई से शुरू होंगे और वनडे मुकाबले 5 अगस्त से शुरू होंगे। सभी मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे में खेले जाएंगे। तमीम इकबाल के संन्यास लेने के बाद बांग्लादेश की यह पहली टी-20 सीरीज होगी।