उंगली में चोट लगने की वजह से बांग्लादेश टी-20 टीम के कप्तान नुरुल हसन जिंबाब्वे दौरे से बाहर - क्रिकट्रैकर हिंदी

उंगली में चोट लगने की वजह से बांग्लादेश टी-20 टीम के कप्तान नुरुल हसन जिंबाब्वे दौरे से बाहर

टीम के फिजियो मुज़ादेद अल्फा सैनी ने वीडियो संदेश में कहा कि, 'हमने एक्स-रे किया जिसमें पता चला कि नुरुल की तर्जनी उंगली में फ्रैक्चर है। ऐसी चोटों को ठीक होने में कम से कम 3 हफ्ते लगते हैं।

Nurul Hasan. (Photo by RANDY BROOKS/AFP via Getty Images)
Nurul Hasan. (Photo by RANDY BROOKS/AFP via Getty Images)

31 जुलाई को खेले जा चुके दूसरे टी-20 मुकाबले में बांग्लादेश ने मेजबान जिंबाब्वे को 7 विकेट से मात देकर तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी टी-20 मुकाबला 2 अगस्त को हरारे में ही खेला जाएगा। हालांकि बांग्लादेश को इस मुकाबले से पहले तगड़ा झटका लगा है। दूसरे टी-20 मुकाबले में टीम के कप्तान नुरुल हसन को विकेटकीपिंग करते समय उंगली में चोट लग गई जिसकी वजह से वो इस तीसरे टी-20 मुकाबले में नहीं खेलेंगे।

बता दें, तीनों ही मुकाबले हरारे में ही खेले जा रहे हैं। पहला मुकाबला मेजबान टीम ने 17 रनों से अपने नाम किया था। इस टी-20 सीरीज के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज नुरुल हसन को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। पहले टी-20 में मिली हार के बाद बांग्लादेश ने दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में बराबरी की।

नुरुल हसन को चोट को ठीक होने में कम से कम 3 हफ्ते लगेंगे

नुरुल हसन को यह चोट तब लगी जब हसन महमूद गेंदबाजी कर रहे थे। चोट लगने के बावजूद हसन ने हार नहीं मानी और जिंबाब्वे पारी की आखिरी गेंद तक वो विकेट्स के पीछे खड़े रहे। फिजियो टीम ने खुलासा किया है कि खिलाड़ी की तर्जनी उंगली यानी पहली उंगली फ्रैक्चर हो गई है और उन्हें ठीक होने में कम से कम 3 हफ्ते लगेंगे। इसका यह भी मतलब है कि नुरुल सिर्फ आखिरी टी-20 मुकाबले में ही नहीं बल्कि जिंबाब्वे के खिलाफ आगामी तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।

टीम के फिजियो मुज़ादेद अल्फा सैनी ने वीडियो संदेश में कहा कि, ‘हमने एक्स-रे किया जिसमें पता चला कि नुरुल की तर्जनी उंगली में फ्रैक्चर है। ऐसी चोटों को ठीक होने में कम से कम 3 हफ्ते लगते हैं। इसलिए उन्हें आखिरी टी-20 मुकाबले और आगामी वनडे सीरीज से भी बाहर किया जाएगा।

दूसरे टी-20 मुकाबले में मोसाद्देक हुसैन और लिटन दास के जबरदस्त प्रदर्शन से बांग्लादेश ने सीरीज में की बराबरी

मुकाबले की बात करें तो जिंबाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 135 रन बनाए। सिकंदर रजा का शानदार फॉर्म इस मुकाबले में भी देखने को मिला। उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 53 गेंदों में 62 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के जड़े। बांग्लादेश की ओर से मोसाद्देक हुसैन ने 4 ओवरों में 20 रन देकर 5 विकेट झटके।

जवाब में लिटन दास के 33 गेंदों में 56 रनों की बदौलत बांग्लादेश ने यह मुकाबला 18 ओवर के भीतर ही जीत लिया। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े। मोसाद्देक हुसैन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड से नवाजा गया।

close whatsapp