IPL 2023: शार्दुल ठाकुर के प्रदर्शन से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर, दिया यह बड़ा बयान
KKR ने अभी तक इस सीजन में 13 मुकाबले खेले हैं जिसमें से छह में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
अद्यतन - May 15, 2023 4:23 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 61वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स अभी भी प्लेऑफ के क्वालिफिकेशन की दौड़ में बनी हुई है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से नितीश राणा और रिंकू सिंह ने काफी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन अर्धशतक जड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने ही घर में 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 144 रन बनाए। टीम की ओर से शिवम दुबे ने 34 गेंदों में 1 चौके और तीन छक्कों की मदद से 48* रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस लक्ष्य को 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रिंकू सिंह ने 43 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 54 रनों की बहुमूल्य पारी खेली जबकि नितीश राणा ने 44 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 57* रन बनाए। इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आंद्रे रसेल और सुनील नारायण का प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं रहा है। शार्दुल ठाकुर भी जबरदस्त प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।
न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर स्कॉट स्टायरिस शार्दुल ठाकुर के प्रदर्शन से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं और उन्होंने भारतीय ऑलराउंडर को लेकर अपना पक्ष रखा।
एक क्रिकेटर के रूप में शार्दुल ठाकुर खोए हुए नजर आ रहे हैं: स्कॉट स्टायरिस
स्कॉट स्टायरिस ने CSK बनाम KKR मैच से पहले कहा था कि, ‘शार्दुल ठाकुर एक क्रिकेटर के रूप में खोए हुए नजर आ रहे हैं। सबसे निराशाजनक बात यह है कि जिस तरीके से उन्हें ऑलराउंडर कहा जाता है वो उम्मीदों पर खड़े नहीं उतर पाए हैं।’
बता दें, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अभी तक यह सीजन इतना अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने अभी तक इस सीजन में 13 मुकाबले खेले हैं जिसमें से छह में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। कोलकाता नाइट राइडर्स इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अंक तालिका में 7वें पायदान पर हैं। उन्हें अपने आखिरी लीग स्टेज मुकाबले में जीत दर्ज करनी बेहद जरूरी है।