NatWest Trophy final

Historic moment: 2002 में आज ही के दिन युवराज-कैफ ने रचा था इतिहास, भारत ने इंग्लैंड को हराकर जीती थी नेटवेस्ट ट्रॉफी

युवराज-कैफ की पारी ने दिलाई थी भारत को ऐतिहासिक जीत

NatWest Trophy final
NatWest Trophy final

22 साल पहले आज ही के दिन भारतीय टीम ने इंग्लैंड की धरती पर इतिहास रचा था। सौरव गांगुली की कप्तानी में टीम इंडिया ने नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। तब युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ ने मेन इन ब्लू के लिए यादगार पारियां खेली थीं। इस ऐतिहासिक जीत के दौरान सौरव गांगुली ने अपनी टी-शर्ट उतारकर भी लहराई थी, जो भारतीय क्रिकेट में एक आइकॉनिक मोमेंट है।

भारतीय क्रिकेट में आज का दिन बेहद खास है। 13 जुलाई 2002 को नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल में भारत और इंग्लैंड की भिड़त हुई थी। मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। सलामी बल्लेबाज मार्कस ट्रेस्कोथिक और निक नाइट ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े।

निक नाइट (14) के आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए नासिर हुसैन ने ट्रेस्कोथिक के साथ मिलकर 185 रनों की शानदार साझेदारी बनाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने टीम इंडिया के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। ट्रेस्कोथिक ने 109 रनों की पारी खेली, जबकि हुसैन 115 रन बनाकर आउट हुए। वहीं एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने भी 40 रनों की तेजतर्रार पारी खेली थी।

इस तरह इंग्लैंड ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 325 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। भारत के लिए जहीर खान ने सबसे अधिक तीन विकेट झटके थे, जबकि आशीष नेहरा और अनिल कुंबले को 1-1 विकेट मिला था।

युवराज-कैफ की पारी ने दिलाई थी ऐतिहासिक जीत

जवाब में टीम इंडिया को सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग ने शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी की। हालांकि, इंग्लैंड के गेंदबाजों ने वापसी की और देखते ही देखते भारत का स्कोर 146/5 हो गया। गांगुली 60 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सहवाग 45 रन बना सकें।

लेकिन छठे और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए युवराज सिंह व मोहम्मद कैफ ने इतिहास रच दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने 121 रनों की साझेदारी करते हुए भारतीय टीम को मुश्किल से बाहर निकाला और जीत के करीब लाकर खड़ा कर दिया। युवराज सिंह 9 चौके और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाकर आउट हुए।

भारत ने तीन गेंद और दो विकेट शेष रहते 326 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। मोहम्मद कैफ ने 87 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी टी-शर्ट उतारकर हवा में लहराई थी, जो आज भी करोड़ों फैन्स को याद है।

 

close whatsapp