On This Day In 2021: आज ही के दिन केएल राहुल ने Lord’s में जड़ा था Iconic शतक, फैंस अब तक करते हैं याद
आज ही के दिन साल 2021 में केएल राहुल ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ 129 रनों की शानदार पारी खेली थी।
अद्यतन - अगस्त 12, 2024 5:33 अपराह्न

भारतीय खिलाड़ी केएल राहुल हाल ही में श्रीलंका दौरे के वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आए। पहले दो मैचों में राहुल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं था, जिसके चलते मैनेजमेंट ने तीसरे वनडे में उन्हें ड्रॉप कर ऋषभ पंत को प्लेइंग 11 में शामिल किया था। फिलहाल टीम इंडिया क्रिकेट एक्शन से दूर है और अब सीधा 19 सितंबर से बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलती हुई नजर आएगी।
इस बीच क्रिकेट जगत आज ही के दिन 12 अगस्त को साल 2021 में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ केएल राहुल द्वारा खेली गई शानदार शतकीय पारी को याद कर रहा है। राहुल की यह पारी टेस्ट में इंग्लैंड की धरती पर किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बेहतरीन पारियों में से एक मानी जाती है।
केएल राहुल ने लॉर्ड्स स्टेडियम के ऑनर बोर्ड पर दर्ज कराया है अपना नाम
इंग्लैंड और भारत के बीच साल 2021 में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 12-16 अगस्त तक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था। इस मैच की पहली पारी में केएल राहुल और रोहित शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी हुई थी।
केएल राहुल ने 250 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और एक छक्के की मदद से 129 रनों की पारी खेली थी। इस शानदार शतकीय पारी के दम पर ही भारत ने पहली पारी में 364 रन बोर्ड पर लगाए थे। बता दें, केएल राहुल ने शतक जड़कर लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम के ऑनर बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराया।
THE KL RAHUL SPECIAL AT LORD'S…!!!!
– Rahul smashed an iconic hundred "OTD in 2021" to help India win a famous victory at the Home of Cricket. 🇮🇳 pic.twitter.com/6RTFgjosiH
— Johns. (@CricCrazyJohns) August 12, 2024
राहुल ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता
लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में मेजबान इंग्लैंड ने भी शानदार खेल दिखाया। जो रूट की 180 रन की पारी के बल पर टीम ने 391 रन बनाए थे। भारत ने फिर दूसरी पारी 298 रन पर घोषित की थी। अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 61 रन की पारी खेली। वहीं, मोहम्मद शमी ने नाबाद 56 रन बनाए थे।
इंग्लैंड की टीम 272 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 120 रनों पर ऑलआउट हो गई और भारत ने लॉर्ड्स में 151 रनों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट और जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट झटके थे। इस जीत में सबसे बड़ा योगदान देकर केएल राहुल ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था।