कहीं सुनील गावस्कर उमरान मलिक की तुलना सचिन तेंदुलकर के साथ करने की कोशिश तो नहीं कर रहे!
उमरान मलिक इस समय टीम इंडिया के साथ बांग्लादेश दौरे पर हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 7, 2022 6:19 अपराह्न

भारतीय तेज गेंदबाज उमरान मलिक की तूफानी गेंदबाजी के चर्चे पूरी दुनिया में हैं, जो आईपीएल 2022 से शुरू हुए और अब तक जारी हैं। क्रिकेट जगत का हर कोई दिग्गज जम्मू और कश्मीर के इस युवा तेज गेंदबाज की स्पीड का दीवाना है, और कईयों ने तो उन्हें लेकर बड़ी-बड़ी भविष्यवाणियां भी कर दी है।
इस बीच, भारत के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने उमरान मलिक को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। क्रिकेट कमेंटेटर ने कहा कि केवल उमरान एक ऐसा क्रिकेटर हैं, जिसे वह क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद भारत के लिए खेलते हुए देखने के लिए इतने ज्यादा उत्साहित हैं।
उमरान मलिक के बहुत बड़े फैन हैं सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने सोनी लिव पर कहा: “मैं सचिन तेंदुलकर के बाद अगर किसी खिलाड़ी को भारत के लिए खेलते हुए देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हूं, तो वह उमरान मलिक हैं।”
आपको बता दें, 23-वर्षीय तेज गेंदबाज ने पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था, और इस समय वह टीम इंडिया के साथ बांग्लादेश दौरे पर हैं। हालांकि, उमरान मलिक को शुरुआत में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना गया था, लेकिन सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के कंधे की चोट के कारण इस सीरीज से बाहर होने के बाद उन्हें मौका दिया गया।
उमरान को बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में मौका नहीं दिया गया, लेकिन उन्हें 7 दिसंबर को ढाका में खेले जा रहे दूसरे वनडे में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। युवा तेज गेंदबाज ने इस मैच में अपने 10 ओवरों में 2 मेडेन ओवर डाले और 58 रन देते हुए दो विकेट चटकाएं और भारत को बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 271 रनों पर रोकने में मदद की। जीत के लिए 272 रनों का पीछा करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम का स्कोर इस समय 28 ओवरों में 129/4 है।