आज ही के दिन भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान ने किया था अंतरराष्ट्रीय वनडे डेब्यू, 16 साल क्रिकेट खेल तोड़े कई रिकॉर्ड्स और हासिल की बड़ी उपलब्धियां
महेंद्र सिंह धोनी ने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ चित्तागोंग के MA Aziz Stadium में खेला था।
अद्यतन - दिसम्बर 23, 2023 4:34 अपराह्न

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में गिना जाता है। यही नहीं सबसे सफल कप्तानों की लिस्ट में भी उनका नाम शुमार है। महेंद्र सिंह धोनी ने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ चित्तागोंग के MA Aziz Stadium में खेला था। यह एक वनडे मैच था।
हालांकि महेंद्र सिंह धोनी का पहला अंतरराष्ट्रीय मैच उनके लिए इतना अच्छा नहीं रहा था। दरअसल महेंद्र सिंह धोनी अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर की पहली ही गेंद पर रनआउट हो गए थे। Tapash Baisya और खालिद मशूद की जोड़ी ने महेंद्र सिंह धोनी को रनआउट किया था।
हालांकि उस समय के भारतीय टीम के कप्तान सौरव गांगुली ने महेंद्र सिंह धोनी पर भरोसा जताया और उन्हें लगातार मौके दिए। महेंद्र सिंह धोनी ने सौरव गांगुली को निराश नहीं किया और 5 अप्रैल 2005 को पाकिस्तान के खिलाफ विशाखापट्टनम में अपना पहला वनडे शतक जड़ा। इस मैच से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने लगातार लो स्कोर बनाए थे। लेकिन पहला वनडे शतक मारने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और भारतीय टीम की ओर से कई मैच जिताऊं पारियां खेली।
महेंद्र सिंह धोनी को टी20 वर्ल्ड कप 2007 में भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 को अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की ओर से रोहित शर्मा, युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग, आरपी सिंह, एस श्रीसंत, गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।
जब राहुल द्रविड़ ने भारतीय टीम के कप्तानी से इस्तीफा दे दिया तब महेंद्र सिंह धोनी को लिमिटेड ओवर्स टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम को सीबी सीरीज 2008 जिताने में अहम भूमिका निभाई।
धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2011 को भी अपने नाम किया
2008 में महेंद्र सिंह धोनी को तीनों ही प्रारूपों का कप्तान नियुक्त किया गया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम ने 2009 में आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया। यही नहीं उनकी कप्तानी में भारत ने 2011 वनडे वर्ल्ड कप पर 2013 चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती। महेंद्र सिंह धोनी ने अगस्त 15, 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।
भले ही महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो लेकिन उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए देखा जाता है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार इस शानदार ट्रॉफी को अपने नाम किया है। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी की कप्तानी में ही गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत दर्ज की थी।