बेन स्टोक्स कहीं हैरी ब्रुक को इंग्लैंड का विराट कोहली तो नहीं बता रहे!
हैरी ब्रुक इस समय पाकिस्तान दौरे पर इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज है।
अद्यतन - दिसम्बर 13, 2022 1:42 अपराह्न

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए हैरी ब्रूक की जमकर तारीफ की। स्टोक्स ने कहा कि ब्रूक के पास भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली के जैसे खेल के तीनों प्रारूपों में सफल होने की काबिलियत है।
आपको बता दें, इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने 12 दिसंबर को मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 26 रनों से मात देकर जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली है। इंग्लैंड जारी टेस्ट सीरीज में 2-0 से आगे चल रहा है, जबकि इस सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट कराची में 17 दिसंबर से खेला जाएगा।
इस बीच, इंग्लैंड की इस यादगार सीरीज जीत में हैरी ब्रूक ने 108 रनों का योगदान दिया, और यह शतक बेहद ही अहम साबित हुआ, क्योंकि इसी के बदौलत मेहमान टीम दूसरी पारी में 275 रन बना पाई, नतीजन उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।
हैरी ब्रुक की बल्लेबाजी तकनीक के कायल हुए बेन स्टोक्स
आपको बता दें, हैरी ब्रुक इस समय पाकिस्तान में खेली जा रही टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज है। युवा बल्लेबाज ने अब तक दो टेस्ट मैचों में 89.25 के औसत और 101.70 के स्ट्राइक-रेट से दो शतकों और एक अर्धशतक की मदद से 357 रन बनाए हैं।
बेन स्टोक्स ने स्काई स्पोर्ट्स के हवाले से कहा हैरी ब्रूक एक ऐसा खिलाड़ी है, जिसकी तकनीक खेल के तीनों प्रारूपों को सूट करती है। वह हमेशा विरोधी टीम पर दबाव बनाना चाहता है, और आज एक बार फिर उसने इंग्लैंड के लिए एक और मैच जीता है। इसी साल समर में डेब्यू करने के बाद पाकिस्तान आना और इस तरह का प्रदर्शन करना अद्भुत है। ब्रूक उन दुर्लभ खिलाड़ियों में से एक है, जिसे आप सभी प्रारूपों में सफल होते हुए देख सकते हैं।
यह अभी से शोर मचाने जैसा है, लेकिन ब्रूक विराट कोहली की तरह ही खेल के सभी प्रारूपों में सफलता का स्वाद चख सकते हैं। विराट उन दुर्लभ खिलाड़ियों में से एक हैं, जहां उनकी तकनीक इतनी सरल है और हर जगह काम करती है। वह विपक्ष पर जो दबाव डालता है, वह शानदार होता है, ठीक वैसी ही खूबी ब्रूक में भी हैं।