PAK vs BAN: पाकिस्तान की तूफानी गेंदबाजी के आगे सिमटी बांग्लादेश, बाबर की सेना को जीत के लिए बनाने होंगे 205 रन
वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 204 रन बोर्ड पर लगाए।
अद्यतन - अक्टूबर 31, 2023 5:42 अपराह्न

PAK vs BAN: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 31वां मुकाबला पाकिस्तान (Pakistan) और बांग्लादेश (Bangladesh) के बीच पुणे में खेला जा रहा है। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश 45.1 ओवरों में 204 रनों पर ऑलआउट हो गई। महमूदुल्लाह ने टीम के लिए सर्वाधिक 56 रनों की पारी खेली। वहीं शाहीन अफरीदी ने टीम के लिए सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किया।
PAK vs BAN: शाहीन अफरीदी ने दिलाई थी पाकिस्तान को शानदार शुरूआत
PAK vs BAN: पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश को पहला झटका पहले ही ओवर में लगा। जब लिटन दास 5 गेंदें खेलकर डक पर शाहीन अफरीदी के हाथों पवेलियन लौट गए। जिसके बाद शाहीन अफरीदी ने तीसरे ओवर में नजमुल हुसैन शान्तो को मात्र (4 रन) पर आउट किया। बांग्लादेश ने मात्र 6 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। फिर हारिस रऊफ ने भी अपनी तेज गेंदबाजी का कमाल दिखाते हुए पारी के छठे ओवर में मुश्फिकुर रहीम को (5 रन) पर पवेलियन भेजा।
शुरूआती तीन झटके खाने के बाद लिटन दास और महमूदुल्लाह ने बांग्लादेश की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हुई। लिटन दास 64 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 45 रन की पारी खेल इफ्तिखार अहमद के खिलाफ विकेट गंवा बैठे। वहीं महमूदुल्लाह ने 70 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्के की मदद से 56 रनों की पारी खेली।
यह भी पढ़े- World Cup 2023: तंजीद हसन का विकेट लेते ही बड़ा रिकार्ड अपने नाम कर गए शाहीन अफरीदी
शाकिब अल हसन नहीं खेल पाए बड़ी पारी
महमूदुल्लाह के आउट होने के बाद बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन कुछ अच्छे शॉट लगाते हुए नजर आ रहे थे। लेकिन पारी के 40वें ओवर में वह हारिस रऊफ की गेंद पर सलमान आघा को कैच दे बैठे। शाकिब अल हसन 64 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 43 रन की पारी खेल पाए। मेहदी हसन भी कुछ कमाल नहीं दिखा पाए और 25 रन पर विकेट गंवा बैठे।
पाकिस्तानी गेंदबाजों के प्रदर्शन की बात करें तो शाहीन अफरीदी ने 9 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किया, वहीं मोहम्मद वसीम जूनियर ने भी 8.1 ओवरों में 31 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किया। हारिस रऊफ के नाम 2 विकेट वहीं इफ्तिखार अहमद और उस्मा मीर के नाम 1-1 विकेट शामिल रहे।