ACC पुरुष इमर्जिंग टीम्स एशिया कप को जीतने के बाद पाकिस्तान A टीम के कप्तान ने अपने खेमे में शामिल अनुभवी खिलाड़ियों को लेकर दिया बड़ा बयान
पाकिस्तान A टीम की बात की जाए तो उनके सभी खिलाड़ियों ने मिलकर कुल 85 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
अद्यतन - अगस्त 6, 2023 3:35 अपराह्न

ACC पुरुष इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ‘A’ ने इंडिया ‘A’ को 128 रनों से करारी शिकस्त दी। तमाम दर्शकों को यह बात बिल्कुल भी नहीं अच्छी लगी कि पाकिस्तान ‘A’ टीम में कुल 7 ऐसे खिलाड़ी थे जो अंतरराष्ट्रीय स्तर में भी टीम की ओर से क्रिकेट खेल चुके हैं जबकि इंडिया ‘A’ टीम में ऐसा कोई भी खिलाड़ी नहीं था जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर में एक भी मुकाबला खेला हो।
पाकिस्तान ‘A’ टीम के कप्तान मोहम्मद हैरिस ने अब इसी को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने तमाम आलोचकों को करारा जवाब दिया है और कहा है कि भारतीय टीम को किसी ने यह बात नहीं कही थी कि आप युवा खिलाड़ियों के साथ इस टूर्नामेंट को खेलें और साथ ही उनकी टीम के कई खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से पहले कई टी-20 मुकाबले भी खेले हुए थे।
यह भी पढ़े: WI vs IND 2023: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले T20I मैच में भारत की हार पर बड़ी बात बोल गए Yuzvendra Chahal
ज़ी न्यूज के मुताबिक पाकिस्तान ‘A’ टीम के कप्तान ने कहा कि, ‘तमाम लोग यह कह रहे हैं कि पाकिस्तान ने A टीम में कई सीनियर खिलाड़ियों को शामिल किया था। हमने उनसे यह बात नहीं कही थी कि टूर्नामेंट में छोटे बच्चों के साथ उतरे। उन्होंने कहा कि हमारी टीम में कई लोगों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर में भी क्रिकेट खेला हुआ है। सैम आयुब ने 5 मुकाबले खेले हैं और मैंने 6। भारतीय खिलाड़ियों की बात की जाए तो उन्होंने 260 आईपीएल के मुकाबले खेले हैं।’
इंडिया A ने ग्रुप स्टेज मुकाबले में पाकिस्तान A को दी थी करारी शिकस्त
पाकिस्तान A टीम की बात की जाए तो उनके सभी खिलाड़ियों ने मिलकर कुल 85 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टीम में गेंदबाजी ऑलराउंडर मोहम्मद वसीम जूनियर थे जिन्होंने सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम की ओर से 2 टेस्ट, 14 वनडे और 27 टी-20 मुकाबले खेले हैं।
भारतीय टीम की बात की जाए तो यश ढुल को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था जिन्होंने सिर्फ चार आईपीएल के मुकाबले खेले हैं और उनकी औसत उम्र 20.80 है। वहीं पाकिस्तान A टीम के खिलाड़ियों की औसत उम्र 23.20 थी। इंडिया A टीम की बात की जाए तो उन्होंने ACC पुरुष इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने ग्रुप स्टेज मुकाबले में पाकिस्तान A को करारी शिकस्त भी दी थी।