आयरलैंड दौरे और कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के लिए पाकिस्तान टीम का हुआ ऐलान
इस समय पाकिस्तान और श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने है।
अद्यतन - Jul 19, 2022 2:42 pm

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम जुलाई 2022 में ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के साथ एक त्रिकोणीय सीरीज में भिड़ेगी। यह सात मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय त्रिकोणीय सीरीज बेलफास्ट में 16 जुलाई से 24 जुलाई तक खेली जाएगी। इस सीरीज के बाद टीमें बर्मिंघम में 29 जुलाई से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों 2022 (कॉमनवेल्थ गेम्स) में हिस्सा लेगी।
इस बीच, पाकिस्तान ने आयरलैंड में खेली जाने वाली आगामी त्रिकोणीय सीरीज और इंग्लैंड में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों 2022 (कॉमनवेल्थ गेम्स) के लिए 15-सदस्यीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है।
आयरलैंड दौरे और कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के लिए पाकिस्तान टीम का हुआ ऐलान
पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने श्रीलंका को टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 3-0 से मात देने वाली महिला क्रिकेट टीम को आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुना है। आपको बता दें, इस समय पाकिस्तान और श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने है।
पाकिस्तान की मुख्य चयनकर्ता अस्माविया इकबाल ने क्रिकेट वर्ल्ड के हवाले से कहा: “श्रीलंका के खिलाफ हमारी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार जीत के बाद हमने उसी विजेता टीम को आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए बनाए रखने का फैसला किया है। इस सीरीज में न केवल हमारे सीनियर क्रिकेटरों ने अद्भुत कौशल दिखाया, बल्कि हमारे युवा खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जब भी टीम को उनकी जरूरत पड़ी, उन्होंने टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया। हम तुबा हसन की प्रतिभा से बेहद प्रभावित हैं, जिन्हे श्रीलंका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।”
मुख्य चयनकर्ता ने आगे कहा, “आयरलैंड में त्रिकोणीय सीरीज और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 (बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स) हमारे खिलाड़ियों की क्षमताओं का परीक्षण करेंगे, और मुझे उन पर पूरा विश्वास है कि वे हमारी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और लगातार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित कर मैच भी जीतेंगे।”
ये रही पाकिस्तान की टीम:
बिस्माह मरूफ (कप्तान), एमेन अनवर, आलिया रियाज, अनम अमीन, आयशा नसीम, डायना बेग, फातिमा सना, गुल फिरोजा (विकेटकीपर), इरम जावेद, कायनात इम्तियाज, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), निदा डार, ओमैमा सोहेल, सादिया इकबाल और तुबा हसन।