मिकी आर्थर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पाकिस्तान पुरुष टीम के डायरेक्टर किए गए नियुक्त
इसी साल एशिया कप और ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप खेला जाना है और इससे पहले मिकी आर्थर पाकिस्तान टीम से जुड़ चुके हैं।
अद्यतन - Apr 20, 2023 9:33 pm

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पूर्व मुख्य कोच मिकी आर्थर को पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट टीम का नया डायरेक्टर नियुक्त किया है। बता दें, इसी साल एशिया कप और ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप खेला जाना है और इससे पहले मिकी आर्थर पाकिस्तान टीम से जुड़ चुके हैं।
अब इस नई भूमिका में मिकी आर्थर पाकिस्तान टीम को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे। वो वनडे वर्ल्ड कप जो इस साल भारत में खेला जाना है उसके कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा रहेंगे और अपने घर में खेली जाने वाली वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में भी वो टीम के साथ रहेंगे। पाकिस्तान टीम को उनका साथ एशिया कप 2023 और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी मिलेगा।
पाकिस्तान टीम में फिर से जुड़ने को लेकर मिकी आर्थर ने अपना पक्ष रखा है। वो इस बात से खुश हैं कि अब नई भूमिका में वो पाकिस्तान टीम को काफी चीजों के बारे में बताएंगे और उसे और बेहतर करना चाहेंगे।
मिकी आर्थर ने कहा कि, ‘मुझे यह बात जानकर बहुत खुशी महसूस हो रही है कि मैं पाकिस्तान क्रिकेट टीम से वापस जुड़ने जा रहा हूं और इस ग्रुप के साथ एक बार फिर से काम करने जा रहा हूं। मैंने सभी खिलाड़ियों के रिकॉर्ड को अच्छी तरह से देखा है और उनके प्रदर्शन को भी अच्छी तरह से पढ़ा है।’
नजम सेठी ने मिकी आर्थर को लेकर रखा अपना पक्ष
मिकी आर्थर ने आगे कहा कि, ‘यह सभी खिलाड़ी काफी अच्छे हैं और सबने तीनों ही प्रारूपों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि अब मैं इस नई भूमिका में उनका काफी अच्छी तरह से साथ दे पाऊंगा।’
PCB अध्यक्ष नजम सेठी ने मिकी आर्थर का कोचिंग सेटअप में वापस स्वागत किया और उनकी जमकर प्रशंसा भी की। नजम सेठी ने कहा कि, ‘ मुझे यह बात जानकर बहुत ही खुशी महसूस हो रही है कि मिकी आर्थर पाकिस्तान टीम से वापस जुड़ रहे हैं। वो पुरुष टीम के डायरेक्टर नियुक्त हुए हैं और अब आने वाले सभी बड़े टूर्नामेंट में वो टीम के साथ रहेंगे।’