तो इसका मतलब 2023 वनडे वर्ल्ड कप में जरूर भाग लेगी पाकिस्तान टीम?
बाबर आजम ने कहा कि उनकी टीम का इस समय यही लक्ष्य है कि वो लोग आगामी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करें।
अद्यतन - मार्च 3, 2023 2:25 अपराह्न

आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 से पहले पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने अपनी टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है। बाबर आजम ने कहा कि उनकी टीम का इस समय यही लक्ष्य है कि वो लोग आगामी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करें। बता दें, पाकिस्तान ने हालिया समय में बड़े टूर्नामेंटों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान फाइनलिस्ट रही थी। यही नहीं एशिया कप 2022 में भी पाकिस्तान ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी, हालांकि इन दोनों टूर्नामेंटों को पाकिस्तान अपने नाम नहीं कर पाई। आजम की मानें तो टीम का टॉप आर्डर काफी अच्छा है और वो और रिजवान मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत देना चाहेंगे।
जिओ न्यूज़ के साथ बाबर आजम ने एक इंटरव्यू में कहा कि, ‘इस समय हमारा ध्यान भारत में होने वाले वर्ल्ड कप में है और हम सब यही चाहेंगे कि इस टूर्नामेंट में सब लोग काफी अच्छा प्रदर्शन करें। मैं और मोहम्मद रिजवान टॉप ऑर्डर में बड़ा स्कोर बनाने को देखेंगे। लेकिन जैसे मैंने पहले भी कहा है कि हर पारी में बड़ा स्कोर बनाना इतना आसान नहीं है और इसीलिए सभी खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है।
हमारी टीम में और भी खिलाड़ी हैं जो मैच जिताऊ पारियां खेल सकते हैं। टीम के पास काफी अच्छे गेंदबाज भी हैं और हम सब इस आगामी टूर्नामेंट के लिए बेहद उत्साहित हैं।’
लोग आपकी आलोचना करते रहेंगे: बाबर आजम
बता दें, पिछले साल BCCI ने इस चीज को लेकर अपना पक्ष रखा था कि अगर एशिया कप 2023 पाकिस्तान में होता है तो वो इस टूर्नामेंट को खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएंगे जिसके बाद उस समय के PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने यह बयान दिया था कि अगर भारत एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं आता है तो पाकिस्तान भी वनडे वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत नहीं जाएगा।
बाद में इस समय के PCB अध्यक्ष नजम सेठी ने भी यही बयान दिया। आलोचकों को लेकर पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि, ‘लोग आपकी आलोचना करते रहेंगे क्योंकि यह बहुत ही मुश्किल है कि लोग आपके पक्ष में बोले। मैं हमेशा यही चाहता हूं कि सकारात्मक रहूं जिसके मेरा आत्मविश्वास और बढ़ सके।’