‘पाकिस्तान महिला एशिया कप की सबसे अच्छी टीम है’ 55 रन पर ऑल आउट होने के बाद पाकिस्तानी कोच वहाब रियाज ने दिया बेतुका बयान
भारत ने जारी महिला एशिया कप के मैच नंबर 9 में पाकिस्तान को 55 रनों पर समेट दिया था।
अद्यतन - सितम्बर 6, 2026 11:14 पूर्वाह्न

Wahab Riaz made a surprising statement: पाकिस्तान महिला टीम के हेड कोच वहाब रियाज (Wahab Riaz) ने भारत के खिलाफ टीम की शर्मनाक हार के बाद, एक बेतुका बयान दिया है। बता दें कि इस मुकाबले में पूरी पाकिस्तानी टीम भारत के सामने सिर्फ 55 रनों पर ही सिमट गई। इस लचर प्रदर्शन के बाद रियाज ने पाकिस्तान टीम को एशिया कप की सबसे बेस्ट टीम करार दिया।
बता दें कि 5 सितंबर को जारी महिला एशिया कप के मैच नंबर 9 में भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमें एक-दूसरे से दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट मैदान पर भिड़ीं। इस मैच में भारत की शानदार गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रनों पर ढेर हो गई। इसके बाद भारत ने इस टारगेट को 8.4 ओवरों में 7 विकेट रहते आसानी से हासिल कर लिया।
वहाब रियाज ने दिया बड़ा बयान
भारत के खिलाफ महिला एशिया कप में शर्मनाक हार के बाद, वहाब रियाज ने पोस्ट मैच क्राॅन्फ्रेंस में कहा “मेरा मानना है कि हमारी टीम के सभी खिलाड़ी बहुत स्किलफुल हैं और उन्हें बस खुद पर भरोसा करने की जरूरत है। हमारा अगला मैच हांगकांग के खिलाफ है। हम वापस जाकर इस बात पर चर्चा करेंगे कि भारत के खिलाफ हमसे क्या गलतियां हुईं। हम कोशिश करेंगे कि वैसी गलतियां दोबारा न हों। मुझे अब भी लगता है कि इस एशिया कप में ट्रॉफी जीतने के लिए पाकिस्तान सबसे अच्छी टीम है, क्योंकि यहां के हालात हमारे लिए बहुत अनुकूल हैं।”
रियाज ने आगे कहा, “सना मीर की अपनी राय है। उस राय से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। हमने भविष्य को ध्यान में रखते हुए बदलाव किए हैं। जो खिलाड़ी पहले खेल रही थीं, उन्होंने कई वर्ल्ड कप और एशिया कप खेले हैं, लेकिन हमें नतीजे नहीं मिल रहे थे। इसलिए, आने वाले टूर्नामेंट के लिए टीम बनाने के मकसद से नए चेहरों और नई लड़कियों को शामिल करने का समय आ गया था।”
“सवाल यह नहीं है कि हमने किसे पीछे छोड़ दिया। हमें असलियत देखनी होगी। जो लड़कियां बाहर रह गईं, वे बिल्कुल भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थीं। मुझे लगता है कि नई लड़कियों को शामिल करके हमने सही कदम उठाया है।”
ये भी पढ़ें – Women’s Asia Cup 2026: क्या इस बार भी ट्राॅफी को लेकर ड्रामा करेंगे मोहसिन नकवी? फाइनल को लेकर किया ये फैसला