क्या सच में शाहीन अफरीदी ने ठुकराया उपकप्तानी का ऑफर...? पाकिस्तान बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या सच में शाहीन अफरीदी ने ठुकराया उपकप्तानी का ऑफर…? पाकिस्तान बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि शाहीन अफरीदी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से उप-कप्तानी का ऑफर मिला था।

Shaheen Afridi (Image Credit- Twitter X)
Shaheen Afridi (Image Credit- Twitter X)

टी20 वर्ल्ड कप 2024 वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में 2 जून से खेला जाना है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने हाल ही में टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। पिछले टी20 वर्ल्ड कप में पाक टीम बाबर आजम की कप्तानी में फाइनल में पहुंची थी, इस बार भी टीम कुछ खास कमाल दिखाना चाहेगी।

हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि शाहीन अफरीदी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से उप-कप्तानी का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया है। अब बोर्ड ने इस रिपोर्ट्स को गलत बताते हुए बड़ा बयान दिया है।

उप-कप्तान नियुक्त करने की कोई जरूरत नहीं है- पाकिस्तान बोर्ड

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक उपकप्तान नियुक्त किए जाने को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन चयन समिति को लगा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है। सूत्र ने बताया, ‘शुक्रवार को चयन समिति की बैठक के दौरान उप-कप्तानी का मुद्दा चर्चा में आया लेकिन इस बात पर सहमति बनी कि उप-कप्तान नियुक्त करने की कोई जरूरत नहीं है। इसलिए किसी भी खिलाड़ी को उप-कप्तानी का ऑफर नहीं दिया गया। इसे डॉक्यूमेंटेड किया गया है क्योंकि यह बैठक के मिनटों का हिस्सा है।’ 

वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से ही पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ी उथल पुथल देखने को मिली है। बाबर आजम ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद शाहीन शाह अफरीदी को कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि कुछ महीनों बाद उन्हें भी हटा दिया गया, और टी20 वर्ल्ड कप से पहले वापस से बाबर आजम को कप्तानी सौंपी गई।

टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले पाकिस्तान ने बाबर की कप्तानी में हाल ही में न्यूजीलैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। वहीं टीम ने आयरलैंड के खिलाफ सीरीज 1-2 से जीती है। वहीं टीम इस वक्त इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। दूसरे मैच में इंग्लैंड ने 23 रनों से जीत दर्ज की।

close whatsapp