सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी एप्रोच को देखकर खुश नहीं हैं नेहरा जी - क्रिकट्रैकर हिंदी

सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी एप्रोच को देखकर खुश नहीं हैं नेहरा जी

इस साल T20Is में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन शानदार रहा है।

Suryakumar Yadav & Ashish Nehra (Photo Source: Twitter
Suryakumar Yadav & Ashish Nehra (Photo Source: Twitter

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने सूर्यकुमार यादव के बल्लेबाजी एप्रोच को लेकर चिंता व्यक्त की है, खासकर मुश्किल पिचों पर। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने बुधवार, 28 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले T20I में शानदार अर्धशतक लगाया। इसी पिच पर जहां बाकी के बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे वहीं सूर्या ने बड़ी सहजता के साथ बल्लेबाजी की।

टीम इंडिया को इस मुकाबले में जीत के लिए महज 107 रनों का लक्ष्य मिला था। लेकिन जब रोहित शर्मा और विराट कोहली महज 17 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए थे उस वक्त भारतीय टीम दबाव में दिख रही थी। लेकिन वहां से सूर्या और केएल राहुल ने पारी को संभाला। सूर्या ने इस मैच में अपना खाता भी छक्का लगाकर खोला।

इस मैच में मिली अच्छी शुरुआत को उन्होंने अर्धशतकीय पारी में बदला और टीम की जीत में अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेकिन सूर्यकुमार यादव की इस बल्लेबाजी एप्रोच को देख आशीष नेहरा खुश नहीं दिखे और उन्होंने कहा कि इन मुश्किल पिचों पर उन्हें सावधानी से खेलने की जरूरत है।

क्रिकबज के शो में आशीष नेहरा ने कहा कि, “सूर्यकुमार का बल्लेबाजी एप्रोच दोधारी तलवार है। स्कोरबोर्ड को देखते हुए, उन्होंने अपने लिए एक पैटर्न निर्धारित किया है। ऐसा एप्रोच तब काम करता है जब विकेट सपाट हो। लेकिन आज, एक मुश्किल पिच पर, जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली जल्दी आउट हो गए थे वहां सूर्यकुमार यादव अपना एप्रोच बदल सकते थे।”

नेहरा के बाद आरपी सिंह ने भी सूर्या की एप्रोच पर दिया बयान

वहीं पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने जोखिम भरी बल्लेबाजी करने के लिए सूर्यकुमार यादव की प्रशंसा की और कहा कि दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों को गेंदबाजी करने के लिए सही लेंथ नहीं मिल रही थी।

आरपी सिंह ने कहा कि, “सूर्यकुमार यादव एक निडर एप्रोच है, वह सोच समझकर जोखिम लेते है। आज गेंदबाजों को पारंपरिक टेस्ट मैच की लेंथ पर गेंदबाजी करने की जरूरत थी और ऐसा करने वाले एकमात्र गेंदबाज कगिसो रबाडा थे।”

close whatsapp