एशिया कप को लेकर खत्म नहीं हो रही भारत-पाकिस्तान की बहस, नजम सेठी ने अब ACC को दे डाली धमकी!
एशिया कप 2023 की मेजबानी फिलहाल पाकिस्तान के पास है।
अद्यतन - मई 12, 2023 12:24 अपराह्न

भारत और पाकिस्तान के बीच इस वक्त आगामी एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप को लेकर तनाव चरम सीमा पर है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों के चलते एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा करने से मना कर दिया है। जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने BCCI के समक्ष हाइब्रिड मॉडल का भी प्रस्ताव रखा।
लेकिन BCCI ने हाइब्रिड मॉडल के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है। जिसके बाद पाकिस्तान बोर्ड का कहना है कि पाकिस्तान की सरकार टीम को वर्ल्ड कप के दौरान भारत का दौरा करने के अनुमति प्रदान नहीं करेगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी का कहना है कि ACC (एशियन क्रिकेट काउंसिल) को कम से कम चार मैच पाकिस्तान में आयोजित करने की अनुमति देनी होगी। अन्यथा PCB के पास ACC से बाहर निकलने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।
नजम सेठी ने बना रखा है बड़ा प्लान
एशिया कप 2023 के आयोजन को लेकर अब तक कुछ भी फाइनल नहीं हो पाया है। हाल ही में खबरें आई थी कि एशिया कप श्रीलंका में आयोजित किया जा सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस पर बात करते हुए कहा, ‘जी हां, एशिया कप के लिए हमारे द्वारा प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल के प्लान बी के हिस्से के रूप में नजम सेठी ने इस सप्ताह दुबई में ACC को सूचित किया है कि PCB घर में चार मैचों की मेजबानी करके संतुष्ट होगी।’
रिपोर्ट के अनुसार नजम सेठी चाहते हैं कि पाकिस्तान बनाम नेपाल, अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश, अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका और श्रीलंका बनाम बांग्लादेश के मैच की मेजबानी पाकिस्तान में हो। वहीं नजम सेठी चाहते हैं कि टूर्नामेंट के बाकी के मुकाबलों को दुबई में आयोजित किया जाए।
भारत नहीं चाहता टूर्नामेंट यूएई में हो- PCB सूत्र
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सूत्र का कहना है कि पिछले दो एशिया कप इसी समय पर यूएई में आयोजित किए गए थे लेकिन टीमें अब वहां खेलने के लिए तैयार नहीं है। सूत्र ने आगे बात करते हुए कहा, ‘एक चुनौती जो ACC और मेजबान के नाते हम झेल रहे हैं वह यह है कि श्रीलंका, भारत और बांग्लादेश नहीं चाहते हैं कि टूर्नामेंट यूएई में आयोजित हो। क्योंकि सितंबर में वहां का मौसम काफी ज्यादा गर्म होता है। जबकि BCCI ने पहले आईपीएल का आधा भाग यूएई में (सितंबर-नवंबर) में आयोजित किया था।’