संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए प्रतिबंध का सामना कर रहे मोहम्मद हसनैन को जल्द मिल सकती है बड़ी राहत - क्रिकट्रैकर हिंदी

संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए प्रतिबंध का सामना कर रहे मोहम्मद हसनैन को जल्द मिल सकती है बड़ी राहत

मोहम्मद हसनैन ने 2019 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था और अब तक 26 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वह 29 विकेट ले चुके हैं।

Mohammad Hasnain. (Photo Source: Getty Images)
Mohammad Hasnain. (Photo Source: Getty Images)

पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन को तीन महीने पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने से निलंबित कर दिया गया था, क्योंकि उनके गेंदबाजी एक्शन कई बार संदिग्ध पाए गए थे। जिसके बाद 22-वर्षीय तेज गेंदबाज ने अपने गेंदबाजी एक्शन में बदलाव किए हैं।

अब खबरें आ रही हैं कि मोहम्मद हसनैन का अधिकारिक तौर पर गेंदबाजी टेस्ट हुआ है। गेंदबाजी टेस्ट के आधिकारिक परिणाम दो सप्ताह में आने की उम्मीद है, जिसके बाद उन्हें आईसीसी (ICC) को भेजा जाएगा। इस समय युवा तेज गेंदबाज पाकिस्तान के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अपने गेंदबाजी एक्शन पर काम कर रहे हैं।

आईसीसी के नियमों के अनुसार, एक गेंदबाज की कोहनी गेंदबाजी के दौरान 15 डिग्री से ज्यादा नहीं मुड़नी चाहिए, लेकिन मोहम्मद हसनैन ने कई बार कानूनी सीमा रेखा को पार किया, नतीजन उनकी गेंदबाजी पर रोक लगा दिया गया। इस साल की शुरुआत में, बिग बैश लीग (BBL) में तेज गेंदबाज के संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन की रिपोर्ट दर्ज की गई थी और बाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने भी इसकी पुष्टि की थी।

मोहम्मद हसनैन के आर्म रोटेशन में असंगता पाई गई थी

सूत्रों के अनुसार, गेंद को स्विंग करने की कोशिश करते समय मोहम्मद हसनैन के आर्म रोटेशन में असंगता पाई गई और साथ ही उनकी लैंडिंग में भी समस्याएं थी, जिसकी पुष्टि गेंदबाज के साथ काम कर रहे कोचों ने की। लेकिन अब मोहम्मद हसनैन के नए गेंदबाजी एक्शन में उनकी कलाई, आर्म रोटेशन और लैंडिंग के मामले में थोड़ा बदलाव हुआ है, जिससे उन्हें अपने एक्शन में निरंतरता लाने में मदद मिली है।

ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के अनुसार: कोचों ने महसूस किया कि मोहम्मद हसनैन गेंद को स्विंग कराने के लिए अपने हाथ को असंगत घुमा रहे थे, जिससे उनके हाथ में कोहनी से झटका लग रहा है। इसके अलावा, तेज गेंदें फेंकते वक्त उनकी लैंडिंग भी खराब थी, जिसके कारण उनका अलाइनमेंट बाहर चला जाता था।

हालांकि, मोहम्मद हसनैन की गेंदबाजी पर काम करने के बावजूद उनके पुराने और नए गेंदबाजी एक्शन में बहुत ही कम अंतर नजर आ रहा है, लेकिन उनकी कलाई, हाथ के घुमाव और लैंडिंग में बदलाव किया गया है, जो अब साफ नजर आ रहा है। इन बदलावों को देखते हुए उन्हें लगातार और दोहराए जाने वाले एक्शन के साथ गेंदबाजी करने की अनुमति दी जा सकती है, और युवा गेंदबाज  मैदान में लौटने के लिए बेताब है।

close whatsapp