आज हमारे पिता बहुत ही सम्मानित महसूस कर रहे होंगे और एक पांड्या इस मैच को जरूर जीतेगा: टॉस के दौरान हार्दिक पांड्या की यह स्पीच आपका भी दिल जीत लेगी
इस मुकाबले को गुजरात टाइटंस ने 56 रनों से अपने नाम किया।
अद्यतन - May 7, 2023 8:57 pm

आज यानी 7 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 51वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच में खेला गया। बता दें, इस सीजन में गुजरात टाइटंस की कप्तानी हार्दिक पांड्या कर रहे हैं जबकि केएल राहुल के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी क्रुणाल पांड्या को दी गई है।
इंडियन प्रीमियर लीग में ऐसा पहली बार देखने को मिला कि दो सगे भाई दो टीमों की कप्तानी कर रहे हैं और उन्होंने कप्तान के रूप में एक-दूसरे के खिलाफ मैच खेला। इस मुकाबले को गुजरात टाइटंस ने 56 रनों से अपने नाम किया। हालांकि मुकाबला शुरू होने से पहले दोनों भाइयों के बीच काफी प्यार देखने को मिला।
टॉस से पहले ऐसा देखने को मिला कि हार्दिक पांड्या अपने बड़े भाई क्रुणाल पांड्या के कॉलर को ठीक कर रहे हैं और साथ ही दोनों भाई आपस में गले भी मिले। टॉस के दौरान क्रुणाल पांड्या ने कहा कि, ‘ यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है कि मैं एक टीम की कप्तानी कर रहा हूं और मेरा भाई दूसरे टीम की।’
इसके बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि, ‘यह काफी भावनात्मक दिन है। हमारे पिता बहुत ही सम्मानित महसूस कर रहे होंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है और हमारा परिवार इससे बहुत ही खुश है। आज एक पांड्या जरूर जीतेगा।’
यह रही वीडियो:
The two Pandya brothers are up against one another here in Ahmedabad.
Who do you reckon will come on Top after Match 51 of the #TATAIPL #GTvLSG pic.twitter.com/Zvh2kRRjwN
— IndianPremierLeague (@IPL) May 7, 2023
मैच की बात की जाए तो गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम की ओर से रिद्धिमान साहा ने 43 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली जबकि शुभमन गिल ने 51 गेंदों में 2 चौके और 7 छक्कों की मदद से 94* रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने 25 रन का योगदान दिया।
जवाब में LSG 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रन ही बना पाई और यह मैच 56 रनों से हार गई। टीम की ओर से क्विंटन डी कॉक ने 48 गेंदों में 7 चौके और तीन छक्कों की मदद से 70 रन की बहुमूल्य पारी खेली लेकिन वो अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। काइल मेयर्स ने 48 रन का योगदान दिया जबकि आयुष बडोनी ने 21 रन की पारी खेली।