शुभमन गिल ने PSG के घरेलू स्टेडियम पार्क डी प्रिंसेस का दौरा किया
हाल ही में युवा सलामी बल्लेबाज ने पेरिस में अपनी पसंदीदा फुटबॉल टीम के घरेलू मैदानों में से एक का दौरा किया।
अद्यतन - जून 17, 2023 3:19 अपराह्न

भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने हाल ही में लंदन के द ओवल में 2023 ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के बाद फ्रांस में पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) के घरेलू स्टेडियम पार्क डी प्रिंसेस का दौरा किया। बता दें, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल मैच में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों से करारी शिकस्त मिली।
भारतीय टीम का प्रदर्शन इस फाइनल में काफी निराशाजनक रहा था। इस टेस्ट मुकाबले के बाद कई भारतीय खिलाड़ियों को अपना खाली समय का मजे से लुफ्त उठाते हुए देखा गया। शुभमन गिल का प्रदर्शन भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में इतना अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने दोनों ही पारियों में काफी कम स्कोर बनाया और इसी वजह से भारतीय टीम को फाइनल में अच्छी शुरुआत नहीं मिल पाई।
हाल ही में युवा सलामी बल्लेबाज ने पेरिस में अपनी पसंदीदा फुटबॉल टीम के घरेलू मैदानों में से एक का दौरा किया। PSG ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर भारतीय युवा खिलाड़ी की तस्वीर साझा की जिसमें शुभमन गिल सात नंबर की जर्सी पकड़े हुए स्टेडियम में पोज दे रहे हैं।
उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा कि, ‘नमस्ते दोस्तों, पेश हैं भारत के पसंदीदा क्रिकेटर और पीएसजी के प्रशंसक शुभमन गिल पार्क डी प्रिंसेस में।’
ये रहा PSG का ट्वीट:
🇮🇳 Namaste dosto, here’s India’s favorite cricketer and PSG fan @ShubmanGill at Parc des Princes 😍
🇮🇳 नमस्ते दोस्तो, पेश हैं भारत के पसंदीदा क्रिकेटर और पीएसजी के प्रशंसक शुभमन गिल पार्क डी प्रिंसेस में! 😍 pic.twitter.com/4xlqDkeyW9
— Paris Saint-Germain (@PSG_English) June 16, 2023
इससे पहले इसी महीने में शुभमन गिल को मैनचेस्टर सिटी FA कप फाइनल का लुफ्त भी उठाते हुए देखा गया था। यह मैच मैनचेस्टर सिटी और मैनचेस्टर यूनाइटेड के बीच खेला जा रहा था। उनके साथ भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी यहां मौजूद थे। इस मैच में मैनचेस्टर सिटी ने मैनचेस्टर यूनाइटेड को 2-1 से मात दी।
इस साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और शुभमन गिल को उसमें अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है। अब देखना यह है कि गिल आगामी मुकाबलों में और इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में कैसी बल्लेबाजी करते हैं।