पार्थिव पटेल ने कुलदीप यादव की तारीफों के बांधे पुल, कहा- सीरीज में भारत के लिए सबसे बड़ा प्लस हैं
कुलदीप ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 7 विकेट लिए।
अद्यतन - अगस्त 2, 2023 7:25 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन मैचों में सात विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज पार्थिव पटेल का कहना है कि भारत के लिए सबसे बड़ा फायदा कुलदीप यादव का फॉर्म है। बता दें कि भारत ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
कुलदीप यादव को पिछले एक साल में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने अपनी गेंदबाजी में कुछ बदलाव किए और उसके बाद से वह काफी प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने काफी विकेट हासिल किए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीत के बाद क्रिकबज से बात करते हुए पार्थिव पटेल ने कुलदीप यादव की काफी तारीफ की।
कुलदीप भारत के लिए सबसे बड़ा प्लस हैं- पार्थिव पटेल
पार्थिव पटेल ने कहा, सीरीज में भारत के लिए सबसे बड़ा प्लस प्वॉइंट कुलदीप यादव हैं। उन्होंने विकेट तो लिए, लेकिन जिस आत्मविश्वास के साथ गेंदबाजी की, वह सबसे पॉजिटिव साइड है।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, वेस्टइंडीज ने भारत को दूसरे वनडे में हराकर थोड़ा डरा तो दिया था, लेकिन भारत ने शानदार वापसी की। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
तीसरे वनडे मुकाबले की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 351 रन बनाए। शुभमन गिल ने 85, इशान किशन ने 77, कप्तान हार्दिक पांड्या ने नाबाद 70 और संजू सैमसन ने 51 रनों का योगदान दिया। वेस्टइंडीज की ओर से रोमारियो शेफर्ड ने सबसे अधिक 2 विकेट चटकाए।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम 35.3 ओवर में 151 रनों पर सिमट गई और भारत ने 200 रनों के विशाल अंतर से यह मुकाबला जीत लिया। वेस्टइंडीज के लिए गुडाकेश मोती ने सबसे अधिक 39 रन बनाए। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सबसे अधिक चार विकेट अपने नाम किए। वहीं मुकेश कुमार ने 3 विकेट लिए। कुलदीप को 2 और उनादकट को 1 विकेट मिला।
यह भी पढ़ें- एशिया कप 2023 से पहले भारत को बड़ा झटका, युवा बल्लेबाज के बाएं अंगूठे में हुआ फ्रैक्चर