IPL 2025: प्रियांश आर्या ने जीता फैंस का दिल, खेली अपनी टीम के लिए रिकॉर्डतोड़ शतकीय पारी, PBKS ने बनाया विशालकाय स्कोर
पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 219 रन बनाए हैं।
अद्यतन - अप्रैल 8, 2025 10:37 अपराह्न

आईपीएल 2025 का 22वां मैच इस समय चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। यह मैच दोनों ही टीमों के लिए जीतना बेहद जरूरी है। इस मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला उनके बल्लेबाजों ने सही साबित किया है और टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 219 रनों का विशाल स्कोर बनाया है।
टीम की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंद पर 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से 103 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान युवा बल्लेबाज ने चेन्नई सुपर किंग्स के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया। प्रियांश आर्या की इस पारी की तमाम लोगों ने जमकर प्रशंसा की है।
प्रियांश के अलावा शशांक सिंह ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 52* रन का योगदान दिया, जबकि मार्को जानसेन ने 34* रन बनाए। हालांकि, इन तीन खिलाड़ियों के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज पंजाब किंग्स की ओर से इस मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। कप्तान श्रेयस अय्यर 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ग्लेन मैक्सवेल भी एक ही रन बना पाए। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खलील अहमद और रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट झटके, जबकि मुकेश चौधरी और नूर अहमद ने एक-एक विकेट हासिल किया।
चेन्नई सुपर किंग्स को मैच जीतने के लिए 20 ओवर में 220 रन बनाने हैं
चेन्नई सुपर किंग्स को अगर यह मैच जीतना है, तो उन्हें 20 ओवर में 220 रन बनाने होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए निराशाजनक बात यह है कि उनके बल्लेबाजों ने अभी तक टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं किया है।
पंजाब किंग्स की बात की जाए तो टीम के बल्लेबाजों ने तो अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से निभाई। अब गेंदबाजों को भी शानदार गेंदबाजी करनी होगी और यह मैच जीतना होगा। यह देखना बेहद रोमांचक होगा कि चेन्नई सुपर किंग्स अब यहां से मैच में कैसे वापसी करती है।