‘मेजबानी छीनी तो टूर्नामेंट से हट जाएंगे’- एशिया कप 2023 को लेकर बोले रमीज राजा
एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान के पास है।
अद्यतन - Dec 3, 2022 10:05 am

एशिया कप 2023 को लेकर एक बार फिर PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने बड़ा बयान दिया है। आपको बता दें कि, बीसीसीआई सचिव और एसीसी अध्यक्ष जय शाह ने इससे पहले बयान दिया था कि, भारतीय टीम अगले साल होने वाले एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। इसी को लेकर अब रमीज राजा ने कहा था कि, अगर भारत एशिया कप के लिए हमारे यहां नहीं आता है तो हम वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं जाएंगे।
अब एक बार फिर रमीज राजा ने इसको लेकर हैरान करने वाला बयान दिया है। अब उन्होंने कहा कि अगर उनसे मेजबानी छीनी जाती है तो पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट में नहीं खेलेगी। साथ ही उन्होंने ये भी कहा है कि, चाहे कुछ भी हो जाए वो किसी भी परिस्थिति में अपना रूख नहीं बदलेंगे।
एशिया कप 2023 को लेकर क्या बोले रमीज राजा?
रमीज राजा ने रावलपिंडी में पाकिस्तान-इंग्लैंड टेस्ट मैच के दौरान कहा कि, “ऐसा नहीं है कि हमारे पास मेजबानी के अधिकार नहीं हैं और हम इसकी मेजबानी करने की अपील कर रहे हैं। हमने निष्पक्ष अधिकार जीते हैं। अगर भारत नहीं आता है, तो वे नहीं आएं। अगर पाकिस्तान से एशिया कप छीन लिया जाता है, तो शायद हम बाहर हो जाएंगे।”
पिछले कुछ वर्षों में, पाकिस्तान टीम ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे दुनिया के कुछ बड़े क्रिकेट देशों की मेजबानी की है। इसी वजह से PCB प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी की अपनी संभावनाओं को लेकर बहुत आश्वस्त है। गौरतलब है कि, भारतीय टीम पिछली बार 2008 में पाकिस्तान गई थी। वहीं, पाकिस्तानी टीम 2016 में भारत की सरजमीं पर टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने आई थी।”
रमीज राजा ने आगे कहा कि, ”हमने दिखाया है कि हम बड़ी टीमों की मेजबानी कर सकते हैं। मैं द्विपक्षीय क्रिकेट से संबंधित मुद्दों को समझ सकता हूं, लेकिन एशिया कप एक बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। एशियाई देशों के लिए यह लगभग विश्व कप जितना बड़ा है। अगर मेजबानी हमसे वापस ही लेनी थी तो हमें क्यों दी गई? फिर भारत के पाकिस्तान दौरे के लेकर तरह-तरह के बयान क्यों दिए गए? मैं स्वीकार करता हूं कि भारत नहीं आएगा क्योंकि सरकार उन्हें आने की अनुमति नहीं देगी, लेकिन इस आधार पर मेजबानी तो नहीं छीनी जा सकती।”