कहीं भारत बनाम पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2022 मैच को हल्के में तो नहीं ले रहे मोहम्मद रिजवान
मोहम्मद रिजवान इस समय न्यूजीलैंड में T20I ट्राई-सीरीज में खेल रहे हैं।
अद्यतन - Oct 8, 2022 1:44 pm

पाकिस्तान के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में 23 अक्टूबर को मेलबोर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेले जाने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर अपनी राय दी। आपको बता दें, वह इस समय न्यूजीलैंड में T20I ट्राई-सीरीज में खेल रहे हैं।
रिजवान ने कहा भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट मैच हमेशा ही दबाव वाले होते हैं, लेकिन पिछले एक साल से दोनों टीमों के बीच काफी मैच खेले गए, जिससे खिलाड़ियों के लिए आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में चीजें उतनी मुश्किल नहीं होगी, जितनी पहले हुआ करती थी।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच हमेशा दबाव वाला होता है: मोहम्मद रिजवान
मोहम्मद रिजवान ने क्राइस्टचर्च में पोस्ट-मैच प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा: “भारत बनाम पाकिस्तान मैच जाहिर तौर पर प्रेशर वाला मैच होता है, इसलिए मैं चीजों को सरल रखने की कोशिश करता हूं। पूरी टीम भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उत्साहित और दबाव में रहती है, लेकिन पिछले एक साल से जिस तरह से मैच हुए हैं, मेरे ख्याल से 23 अक्टूबर को एमसीजी में होने वाले मैच में इतना अंतर नहीं होगा, हां उत्साह और दबाव तो बराबर ही रहेगा। यह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का मैच है, तो ये हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, और हम सभी अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए उत्साहित है।”
इस बीच, स्टार विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड में खेली जा रही सात मैचों की T20I ट्राई-सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 78 रनों की पारी खेली, और पाकिस्तान को यह मैच 21 रनों से जीतने में मदद की, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रिजवान ने अंत में कहा: “मुझे पाकिस्तान के लिए बल्ले के साथ अच्छा प्रदर्शन करके हमेशा अच्छा लगता है। हमने बस चीजों को सरल रखा, पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी, ईमानदारी से कहूं तो गेंद अच्छी तरह से आई और हमने इस मैच में बल्ले और गेंद दोनों से बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। मैं हमेशा परिणाम पाने के लिए कड़ी मेहनत में विश्वास रखता हूं।”