WPL 2023: खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, अब वाइड और नो-बॉल के लिए भी DRS का कर सकते हैं इस्तेमाल
4 मार्च से महिला प्रीमियर लीग 2023 टूर्नामेंट की शुरुआत हो चुकी है।
अद्यतन - मार्च 6, 2023 1:30 अपराह्न

4 मार्च से महिला प्रीमियर लीग 2023 टूर्नामेंट की शुरुआत हो चुकी है। इस बेहतरीन टूर्नामेंट में अभी तक 3 मुकाबले खेले जा चुके हैं और सभी में कई खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को मात दी। दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराया जबकि तीसरे मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने गुजरात जायंट्स को शिकस्त दी।
आज यानी 6 मार्च को इस बेहतरीन टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर आपस में भिड़ेंगी। तमाम लोग इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। महिला प्रीमियर लीग में एक बहुत ही अच्छी चीज देखने को मिली है जो इससे पहले किसी भी फ्रेंचाइजी लीग में नहीं देखा गया है।
महिला प्रीमियर लीग 2023 में कोई भी खिलाड़ी चाहे वो फील्डिंग टीम का हो या बल्लेबाजी टीम का वो वाइड और नो-बॉल के लिए DRS का इस्तेमाल कर सकता है। बता दें, यह चीज आगामी पुरुष इंडियन प्रीमियर लीग में भी देखने को मिलेगी।
इस समय खेले जा रहे WPL से शुरू हुआ यह नियम
महिला प्रीमियर लीग की एक रिलीज में यह कहा गया है कि, ‘कोई भी खिलाड़ी ऑनफील्ड अंपायर के फैसले काे रिव्यू कर सकता है। पहले खिलाड़ी आउट है या नहीं इस फैसले को लेकर रिव्यू कर सकते थे लेकिन अब वो वाइड और नो-बॉल के लिए भी DRS की मांग कर सकते हैं। इसको ‘Timed Out’ यानी ‘प्लेयर रिव्यू’ के नाम से जाना जाएगा।’
अभी तक इस नियम का बहुत ही कम इस्तेमाल किया गया है लेकिन आने वाले मुकाबलों में यह हमें काफी बार देखने को मिल सकता है। तीनों ही मुकाबलों में इसका इस्तेमाल हो चुका है। फिलहाल महिला प्रीमियर लीग की अंक तालिका में मुंबई इंडियंस पहले स्थान पर है जबकि गुजरात जायंट्स सबसे नीचे स्थान पर। सभी टीमें इस बेहतरीन मुकाबले की ट्रॉफी को अपने नाम करना चाहेगी।