IPL 2022: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने आईपीएल में अपने दो सबसे यादगार पलों का किया खुलासा
आईपीएल 2016 में विराट कोहली ने 16 मैचों में 973 रन बनाए थे जो एक सीजन में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है।
अद्यतन - Apr 6, 2022 4:37 pm

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के उद्घाटन वर्ष 2008 से ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में कई यादगार पारियां खेली हैं और RCB के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके अलावा विराट कोहली IPL के इतिहास में उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने सिर्फ एक ही फ्रेंचाइजी के लिए अभी खेला है।
वहीं विराट कोहली ने वर्ष 2013 से 2021 तक RCB की कप्तानी भी की है। उन्होंने IPL 2021 के बाद RCB की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था और मौजूदा समय में फाफ डु प्लेसिस RCB का नेतृत्व कर रहे हैं। हालांकि कप्तानी को लेकर 2021 के बाद से विराट को काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा है।
इस बीच विराट ने IPL के इतिहास में अपने दो ऐसे पलों का खुलासा किया है जो उनके लिए सबसे यादगार हैं। उनमें से एक में एबी डी विलियर्स भी शामिल हैं हालांकि दोनों खिलाडियों की दोस्ती से हर कोई वाकिफ है। विराट कोहली और एबी डी विलियर्स हमेशा एक-दूसरे की प्रशंसा करते नजर आये हैं।
गुजरात लॉयंस के खिलाफ क्वालीफायर-1 कोहली का सबसे पसंदीदा पल
विराट कोहली ने अपने सबसे पसंदीदा लम्हे को बताते हुए IPL 2016 में गुजरात लॉयंस (GL) के खिलाफ क्वालीफायर-1 मुकाबले को चुना। जिसमें एबी डी विलियर्स ने शानदार पारी खेली थी। 2016 में RCB की टीम फाइनल की में पहुंचने के लिए कड़ी लड़ाई लड़ रही थी। GL के खिलाफ एबी डिविलियर्स ने केवल 47 गेंदों में 79 रनों की तूफानी पारी खेली थी और टीम को फाइनल तक ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उस मैच के दौरान इकबाल अब्दुल्ला ने भी 25 गेंदों में 33 रनों की पारी खेलकर एबी डी विलियर्स के साथ 91 रनों की अहम साझेदारी की।
कोहली ने अपने बयान में कहा कि, “2016 में हमने दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज की। उसके बाद अगला क्वालीफायर जब एबी ने मुश्किल समय में टीम के लिए शानदार पारी खेली और दूसरे छोर पर उनके साथ इकबाल था। IPL में मेरे अभी तक के अनुभव में उस मैच को जीतने के बाद का जश्न सबसे खास था।”
इसके अलावा विराट कोहली से जब दूसरे यादगार लम्हें के बारे में पूछा गया तब उन्होंने उस पल को याद किया जब उनका दिल टूटा था, कोहली ने कहा “IPL 2016 का फाइनल मैच और उसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 2016 टी-20 वर्ल्ड कप का सेमी-फाइनल।”
आपको बता दें, IPL 2016 में RCB फाइनल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हार गयी थी लेकिन उस दौरान विराट कोहली शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने IPL में 16 मैचों में 81.08 के औसत से 973 रन बनाए थे। यह स्कोर एक IPL सीजन में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड है।