'मैंने बहुत अभ्यास किया और...'- आईपीएल 2023 शुरू होने से पहले कुछ ऐसा था जितेश शर्मा का गेम प्लान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मैंने बहुत अभ्यास किया और…’- आईपीएल 2023 शुरू होने से पहले कुछ ऐसा था जितेश शर्मा का गेम प्लान

जितेश शर्मा ने आईपीएल 2023 में 14 मैचों में 309 रन बनाए हैं।

Jitesh Sharma (Photo Source: Twitter)
Jitesh Sharma (Photo Source: Twitter)

पंजाब किंग्स के खिलाड़ी जितेश शर्मा ने आईपीएल (IPL)  के इस सीजन में शानदार खेल दिखाया है। सीजन के दौरान कई शानदार और महत्वपूर्ण पारियां खेल जितेश शर्मा ने टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई है। जितेश शर्मा ने आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स के लिए डेब्यू किया था। डेब्यू सीजन में जितेश शर्मा ने 12 मैचों में 163.64 के स्ट्राइक रेट से 234 रन बनाए थे।

हालांकि डेब्यू के बाद खिलाड़ी अपने अगले सीजन में ज्यादा सतर्क हो जाते हैं। लेकिन ऐसा जितेश शर्मा के साथ बिल्कुल नहीं था। अपने डेब्यू सीजन के बाद अगले सीजन में जितेश शर्मा पंजाब किंग्स के लिए फिनिशर के रूप में उभरे। हाल ही में जितेश शर्मा ने आईपीएल के 16वें सीजन से पहले उनकी मानसिकता कैसी थी, इसे लेकर बड़ा बयान दिया है।

पहले सीजन के बाद उम्मीदें ज्यादा बढ़ जाती है- जितेश शर्मा

आईपीएल के 16वें सीजन में जितेश शर्मा ने पंजाब किंग्स के लिए 156.06 के स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए हैं। और इस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 49 रन था। जितेश शर्मा ने हाल ही में खुलासा किया कि आईपीएल के 16वें सीजन से पहले विदर्भ टीम के सीनियर खिलाड़ी ने उन्हें सलाह दी थी, कि हमेशा उन्हें अपने प्लान पर टिके रहना होगा।

जितेश शर्मा ने स्पोर्ट्सकीडा पर बात करते हुए कहा, ‘जब मैं पहले आईपीएल के बाद VCA में वापस आया था तो मैंने एक सीनियर प्रोफेशनल गणेश सतीश से बात की थी कि मुझे अपने खेल में क्या करना चाहिए। उन्होंने मुझसे कहा कि आम तौर पर जब खिलाड़ी अपने दूसरे सीजन में जाते हैं तो वे खुद से बहुत अधिक उम्मीदें करना शुरू कर देते हैं।’

यह भी पढ़े- पंजाब किंग्स के खिलाड़ी जितेश शर्मा ने T20 फॉर्मेट में बल्लेबाजी को लेकर दी प्रतिक्रिया, कहा- बल्लेबाजी करने के लिए….

जितेश शर्मा ने आगे कहा, ‘लेकिन उन्होंने मुझे अपने गेम प्लान पर टिके रहने की सलाह दी, जिससे मुझे ग्रोथ में मदद मिलेगी। मैंने आईपीएल 2023 के लिए भी वही तैयारी रखी और चीजों को सरल रखा। मैंने इसे सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के लिए अभ्यास की तरह देखा। मैंने अभ्यास किया क्योंकि आईपीएल में खेल अधिक तीव्रता के साथ खेले जाते हैं।’

आईपीएल 2023 के शानदार सीजन के बाद जितेश शर्मा को जल्द ही भारतीय टीम में जगह मिल सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय चयनकर्ता जितेश शर्मा को टी-20 वर्ल्ड कप 2024 को ध्यान में रखते हुए टी-20 सेटअप में जगह देने का मन बना रहे हैं।

close whatsapp