डेविड वॉर्नर को आउट होता देख आग-बबूला हुए पोंटिंग, मन ही मन दे रहे थे शायद गालियां!
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 197 रन बनाए।
अद्यतन - Apr 29, 2023 10:49 pm

इस समय दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 40वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर बिना खाता खोले आउट हो गए जिसको देख टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग काफी नाराज हुए और उन्होंने घूरते हुए टीम के कप्तान की ओर देखा।
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 197 रन बनाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने 36 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 67 रन की पारी खेली जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक कलासन ने 27 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 53 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। अब्दुल समद ने भी 21 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिचेल मार्श ने 4 ओवर में 27 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा ईशांत शर्मा और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। डेविड वॉर्नर ने इस पूरे टूर्नामेंट में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और उनकी टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान 2 गेंदों में बिना खाता खोले आउट हो गए।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से पहला ओवर फेंकने आए भुवनेश्वर कुमार ने काफी अच्छी गेंद फेंकी जो डेविड वॉर्नर के बल्ले से लगकर सीधा स्टंप्स पर जा लगी। टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को यह बर्दाश्त नहीं हुआ और वो दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान की ओर घूर कर देखने लगे।
यह रही वीडियो:
— The Game Changer (@TheGame_26) April 29, 2023
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत इस सीजन में अच्छी नहीं रही थी। उन्होंने शुरुआती पांच मुकाबलों में हार का सामना किया जिसके बाद पिछले दो मुकाबलों में उन्होंने जीत दर्ज की। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी यह सीजन इतना अच्छा नहीं रहा है उन्होंने भी अभी तक 7 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 2 में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 5 में उन्हें हार झेलनी पड़ी है।
दोनों टीमों के लिए अब यहां से सभी मुकाबले जीतने बेहद जरूरी है। देखते हैं इस मैच में कौन सी टीम बाजी मारती है।