IPL 2023 की ट्रॉफी को अपने नाम करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं RR के कप्तान संजू सैमसन
राजस्थान रॉयल्स आगामी संस्करण का अपना पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 अप्रैल को हैदराबाद में खेलेगी।
अद्यतन - Mar 28, 2023 4:08 pm

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने इस बात पर हामी भरी है कि जैसा प्रदर्शन उन्होंने पिछले सीजन में किया था उससे बेहतर उनको इस संस्करण में करना होगा। बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से हो रही है। तमाम लोग इस बेहतरीन टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पिछले सीजन की बात की जाए तो राजस्थान रॉयल्स ने कमाल का प्रदर्शन किया था और फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। हालांकि उन्हें गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अभी तक राजस्थान रॉयल्स ने एक ही बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया है और वो भी IPL 2008 में। IPL 2022 में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 130 रन बनाए जिसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम किया।
राजस्थान रॉयल्स की नई जर्सी के लॉन्च पर संजू सैमसन ने टीम के साथ अपने सफर के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि, ‘मैं राजस्थान रॉयल्स से साथ तब जुड़ा था जब मैं 18 साल का था। अभी मैं 28 साल का हूं और यह 10 साल का सफर सच में काफी शानदार रहा। यह मेरी टीम है और मैं हमेशा चाहता हूं कि राजस्थान रॉयल्स अच्छा प्रदर्शन करें। जिस तरीके का प्रदर्शन हमने पिछले सत्र किया था वैसा ही हमें इस संस्करण में भी करना होगा और इसका दबाव भी हमारे ऊपर काफी होगा।
पिछले सीजन में हमारी टीम ने सच में जबरदस्त बल्लेबाजी और गेंदबाजी की थी और इसी वजह से हम फाइनल में पहुंचे थे। इस संस्करण में भी हम वैसा ही करना चाहेंगे।’
हम लोग काफी खुशकिस्मत हैं कि हमारे कोच कुमार संगकारा है: संजू सैमसन
कुमार संगकारा को लेकर संजू सैमसन ने आगे कहा कि, ‘हम लोग खुशकिस्मत हैं कि हमारे कोच कुमार संगकारा हैं। वो बहुत ही दिग्गज खिलाड़ी है और ड्रेसिंग रूम में उनका होना सच में कमाल की बात है। उनके अनुभव की मदद से हम लोग काफी कुछ सीखते हैं।’
राजस्थान रॉयल्स आगामी संस्करण का अपना पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 अप्रैल को हैदराबाद में खेलेगी।