Prithvi Shaw को इंग्लिश काउंटी क्रिकेट खेलना पड़ा महंगा, अब अगले साल ही होगी मैदान में वापसी!
पृथ्वी शॉ ने वनडे कप में अपनी चार पारियों में 429 रन बनाए, जिसमें समरसेट के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ 244 रनों की यादगार पारी शामिल है।
अद्यतन - अगस्त 18, 2023 12:42 अपराह्न

भारतीय बल्लेबाज Prithvi Shaw ने बल्ले के साथ शानदार फॉर्म दिखाया ही था कि वह अब कम से कम दो से तीन महीने के लिए एक्शन से बाहर रहने की कगार पर है। इंग्लैंड में वनडे कप के दौरान अपना घुटना चोटिल करने के बाद पृथ्वी शॉ अब कथित तौर पर आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
आपको बता दें, पृथ्वी शॉ ने डरहम के खिलाफ नॉर्थम्प्टनशायर के लिए वनडे कप मैच में खेलते समय अपना घुटना चोटिल कर दिया था, और अब यह चोट अनुमान से अधिक गंभीर लग रही है। इस बीच, Cricbuzz के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के अधिकारियों ने पृथ्वी शॉ से बात की और कहा कि युवा बल्लेबाज आगामी घरेलू सीजन की दो सीमित ओवरों की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने में सक्षम नहीं हैं।
Prithvi Shaw को रिकवर होने में 2-3 महीने का समय लगेगा
MCA के अधिकारियों के अनुसार, पृथ्वी शॉ 16 अक्टूबर से 23 नवंबर तक खेली जाने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और विजय हजारे टूर्नामेंट (23 नवंबर से 15 दिसंबर तक) से भी उनके चुकने की पूरी संभावना है। हालांकि, MCA को उम्मीद है कि वह 5 जनवरी से शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी के लिए समय पर ठीक हो जाएंगे।
Cricbuzz के अनुसार, MCA के एक अधिकारी ने कहा, “पृथ्वी शॉ के साथ चर्चा करने के बाद, यह स्पष्ट है कि उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के लिए लगभग दो से तीन महीने का समय लगेगा। वह दिसंबर तक संभावित रूप से पूरी तरह से फिट हो सकते हैं और यह कहना गलत नहीं होगा कि वह जनवरी में रणजी ट्रॉफी की शुरुआत से चयन के लिए उपलब्ध होंगे।”
आपको बता दें, 23 वर्षीय बल्लेबाज ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट के वनडे कप में अपनी चार पारियों में 429 रन बनाए, जिसमें समरसेट के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ 244 रनों की यादगार पारी शामिल है।