शाकिब अल हसन से जुड़े एक सवाल पर तैजुल इस्लाम ने रिपोर्टर पर कसा तंज
BCB के एक अधिकारी ने बताया क्यों तैजुल इस्लाम टेस्ट टीम का नियमित हिस्सा नहीं बन सकते?
अद्यतन - Apr 10, 2022 2:24 pm

बांग्लादेश के स्पिनर तैजुल इस्लाम इस समय शानदार फॉर्म में है, और उपमहाद्वीप के स्पिनरों के लिए प्रेरणास्रोत है। बाएं-हाथ के स्पिनर को तस्कीन अहमद के चोटिल होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम में शामिल किया गया और प्लेइंग इलेवन में आते ही उन्होंने टीम के लिए कमाल का प्रदर्शन दिया।
पोर्ट एलिजाबेथ में खेले जा रहे दूसरे और अंतिम टेस्ट की पहली पारी में तैजुल इस्लाम ने अपने 50 ओवरों में 135 रन देकर 6 विकेट झटके हैं। जिसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 453 रन बनाए और इसके जवाब में बांग्लादेश टीम ने मात्र 122 रनों पर पाने पांच विकेट खो दिए हैं।
बांग्लादेश के लिए हर बार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद, तैजुल इस्लाम विदेशी परिस्थितियों में तीन तेज गेंदबाजों और एक स्पिनर के साथ खेलने की टीम की नई रणनीति के कारण प्लेइंग इलेवन में अब तक अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए है। चूंकि शाकिब अल हसन भी बांग्लादेश को बाएं-हाथ का विकल्प प्रदान करते हैं, तैजुल इस्लाम टेस्ट टीम का नियमित हिस्सा नहीं बन सकते हैं।
तैजुल इस्लाम अपना नाम शाकिब अल हसन से नहीं जोड़ना चाहते
स्पिनर से पूछा गया कि वह अनुभवी ऑलराउंडर की अनुपस्थिति को कैसे भरना चाहते हैं, जिस पर 30 वर्षीय ने कहा फिलहाल उनकी तुलना शाकिब से नहीं की जानी चाहिए। ढाका में दक्षिण अफ्रीकी दौरे से पहले एक प्रेस वार्ता में तैजुल इस्लाम ने कहा, “क्या आपके पास इसके अलावा मुझसे पूछने के लिए कोई और सवाल नहीं है? शायद शाकिब भाई का नाम जोड़ना ज्यादा बेचने योग्य है।”
हालांकि, बीसीबी (BCB) के मुख्य चयनकर्ता मिन्हाजुल आबेदीन ने क्रिकबज से कहा: “मुझे नहीं लगता कि तैजुल टेस्ट इलेवन में इसलिए जगह नहीं बना पा रहा है, क्योंकि हम तीन तेज गेंदबाजों को खेल रहे हैं। बल्कि मुझे लगता है कि हम आठ बल्लेबाजों को खेल रहे हैं, इसलिए उसे शामिल नहीं किया गया है।”
उन्होंने आगे कहा: “अगर हम मिराज (मेहदी हसन) को सात पर रखते हैं और तैजुल को आठ पर लाते हैं, तो हम बाएं-हाथ के स्पिनर (जब शाकिब अल हसन उपलब्ध नहीं होते हैं) के साथ तीन तेज गेंदबाजों को विदेशी टेस्ट मैचों के लिए समायोजित कर सकते हैं।”