PSL 2023: शादाब खान को बीच मैदान पर गाली देना पड़ा भारी, जिमी नीशम ने जमकर किया पाकिस्तानी खिलाड़ी को ट्रोल
पाकिस्तान सुपर लीग 2023 में 7 मार्च को खेले गए मुकाबले में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मुल्तान सुल्तांस को 2 विकेट से करारी शिकस्त दी।
अद्यतन - Mar 9, 2023 3:47 pm

पाकिस्तान सुपर लीग 2023 में 7 मार्च को खेले गए मुकाबले में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मुल्तान सुल्तांस को 2 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मैच में फहीम अशरफ ने इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से शानदार नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने 26 गेंदों में 5 चौके और दो छक्कों की मदद से 51* रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाई।
इसी मैच में इस्लामाबाद यूनाइटेड के कप्तान शादाब खान ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। वो काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन महत्वपूर्ण समय में वो अपना विकेट गंवा बैठे। जब शादाब आउट हुए तो उन्होंने गुस्से में कुछ अपशब्द बोले जो स्टंप माइक पर काफी अच्छे से सुनाई दिए।
मुकाबले के बाद शादाब खान ने इस धमाकेदार मैच की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किया। इन तस्वीरों पर कमेंट करते हुए जिमी नीशम ने शादाब से पूछा कि आप आखिर क्यों बेन स्टोक्स को याद कर रहे थे जिसका जवाब पाकिस्तानी ऑलराउंडर ने मजाकिया ढंग से दिया।
जिमी नीशम ने पूछा कि, ‘जब आप आउट हुए तो आपने बेन स्टोक्स क्यों चिल्लाया?’ इसपर शादाब ने जवाब दिया कि, ‘मैंने इसलिए बेन स्टोक्स चिल्लाया क्योंकि मैं उनको याद कर रहा था @jimmyneesham।’
Hilarious chat between Jimmy Neesham and Shadab Khan 😀#IUvMS | #Cricket | #Pakistan | #JimmyNeesham | #ShadabKhan | #PSL8 | #SabSitarayHumaray | #Rawalpindi pic.twitter.com/J9OleVLxmb
— Khel Shel (@khelshel) March 7, 2023
इस्लामाबाद यूनाइटेड ने प्लेऑफ में किया क्वालीफाई
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुल्तान टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 205 रन बनाए। टीम की ओर से शान मसूद ने 50 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 75 रन की पारी खेली जबकि टिम डेविड ने 27 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए। कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 33 रन का योगदान दिया।
इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से शादाब खान और मोहम्मद वसीम जूनियर ने दो-दो विकेट झटके जबकि फहीम अशरफ ने एक विकेट हासिल किया।
206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 2 विकेट रहते जीत हासिल कर ली। फहीम अशरफ और शादाब खान के अलावा कॉलिन मुनरो ने 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने 21 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के जड़े।
मुल्तान की ओर से अनवर अली ने 4 ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। इस जीत के साथ इस्लामाबाद यूनाइटेड प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। वो 8 मुकाबलों में 6 जीत और दो हार के साथ अंक तालिका के दूसरे पायदान पर है। अब उनका अगला मुकाबला आज यानी 9 मार्च को लाहौर कलंदर्स के साथ होगा।