हार्दिक पांड्या के भारत के लिए डेब्यू करने से पहले ही रवि शास्त्री ने कर दिया था बड़ा दावा; अब आर श्रीधर ने किया खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

हार्दिक पांड्या के भारत के लिए डेब्यू करने से पहले ही रवि शास्त्री ने कर दिया था बड़ा दावा; अब आर श्रीधर ने किया खुलासा

हार्दिक पांड्या ने साल 2016 में धरमसाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया था।

Ravi Shastri, R Sridhar and Hardik Pandya (Image Source: Getty Images)
Ravi Shastri, R Sridhar and Hardik Pandya (Image Source: Getty Images)

भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने खुलासा किया कि साल 2016 में हार्दिक पांड्या के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने से पहले ही पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने ऑलराउंडर की क्षमता का अंदाजा लगा लिया था।

आपको बता दें, पांड्या ने साल 2016 में धरमसाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था, उस समय अनिल कुंबले टीम इंडिया के मुख्य कोच थे, जबकि शास्त्री ने साल 2017 से यह पद संभाला था। 28-वर्षीय स्टार ऑलराउंडर जल्द ही अपने बेहतरीन प्रदर्शन के बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम के लिए महत्वपूर्ण सदस्य बन गए, और इस समय वह दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडरों में शुमार है।

हमें शुरू से ही हार्दिक पांड्या में कोई कमजोरी नहीं नजर आई: आर श्रीधर

इस बीच, भारत के पूर्व फील्डिंग कोच ने बताया कि हार्दिक पांड्या ने टीम में आते ही एमएस धोनी, विराट कोहली, और रोहित शर्मा के खेल को नोटिस करना शुरू कर दिया और उनसे चीजें सीखने लगे, तभी सभी को अंदाजा हो गया था कि वह भारत का भविष्य है।

आर श्रीधर ने cricket.com के हवाले कहा: “हमें हार्दिक पांड्या के रूप में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक मैच विजेता नजर आए। रवि भाई ने भारत के लिए उनके डेब्यू से पहले ही उनकी क्षमता को भांप लिया था। उन्होंने कहा था: ‘हार्दिक पांड्या वो लड़का है जो हमें विदेशों में टेस्ट मैच जिताएगा’। रवि भाई जानते थे कि हार्दिक विदेश में भारत की एक लापता कड़ी है, एक ऐसा ऑलराउंडर जो 140+ की गति से गेंदबाजी कर सकता है।

इसलिए, हम सभी जानते थे कि हार्दिक हमारे लिए क्या कर सकते हैं। हार्दिक ने सीधे माही, रोहित, विराट से सीख लेना शुरू कर दिया। हम सभी जानते थे कि वह टीम के लिए कितने अहम खिलाड़ी बनने जा रहे है। हार्दिक की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह क्रिकेट से प्यार करता है, इसलिए खेल रहा है। उन्हें क्रिकेट खेलने में बहुत मजा आता है, चाहे वह बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी हो, या फिर फील्डिंग हो। हमें उनमे कोई कमजोरी नहीं नजर आई।”

close whatsapp