मैच के बाद घायल बच्ची से मिलने पहुंचे हिटमैन, गिफ्ट में दिया चॉकलेट और टेड्डी बियर - क्रिकट्रैकर हिंदी

मैच के बाद घायल बच्ची से मिलने पहुंचे हिटमैन, गिफ्ट में दिया चॉकलेट और टेड्डी बियर

पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा ने खेली 76 रनों की बेहतरीन पारी।

Rohit Sharma (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma (Photo Source: Twitter)

भारत के कप्तान रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में बल्ले से शानदार लय में नजर आए। पहले टीम इंडिया के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की टीम को 110 के स्कोर पर ऑलआउट किया। इसके बाद बल्ले से रोहित शर्मा ने कमाल दिखाया और 76* रन की बेहतरीन पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान रोहित ने एक से बढ़कर एक शानदार छक्के लगाए।

इसी दौरान उनका एक छक्का स्टेडियम में मैच देख रही बच्ची को जा लगा, इस वजह से कुछ देर तक मैच रूका भी रहा। लेकिन मैच के बाद रोहित शर्मा उस बच्ची से जाकर मिले और इसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

रोहित ने जीता फैंस का दिल

दरअसल रोहित के बल्ले से निकली गेंद सीधे स्टेडियम में मैच देख रही छह साल की बच्ची (मीरा सिल्वा) की पीठ पर लगी। हालांकि, अच्छी बात ये रही कि उस बच्ची को गंभीर चोट नहीं आई थी और उसके पिता ने फोटो साझा कर इस बात की जानकारी भी दी थी। इसके बावजूद रोहित शर्मा मैच खत्म होने के बाद बच्ची से मिलने पहुंचे और उसे चॉकलेट भी गिफ्ट में दिया। रोहित की इस हरकत ने सभी फैंस का दिल जीत लिया।

https://twitter.com/rohittv_45/status/1547059768757366785?s=20&t=0lBY_boOOtxLV5KFgeJsCQ

पहले वनडे मैच का हाल

इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 110 रन बनाए थे। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने छह और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिए थे। इसके जवाब में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 114 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। यह पहला मौका था, जब भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से हराया था।

वहीं, इंग्लैंड की टीम अपनी धरती पर पहली बार कोई वनडे मैच 10 विकेट के अंतर से हारी है। इस जीत के साथ टीम इंडिया तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच अब 14 जुलाई को लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जाएगा।

close whatsapp