शायद टीम खुद नहीं चाहती थी कि शार्दुल ठाकुर गेंदबाजी करें: रहमानुल्लाह गुरबाज ने KKR बनाम GT मुकाबले के बाद दिया हैरान कर देने वाला बयान
गुजरात टाइटंस की ओर से विजय शंकर ने 24 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 51* रन की विस्फोटक पारी खेली।
अद्यतन - अप्रैल 30, 2023 4:00 अपराह्न

29 अप्रैल को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से मात दी। इस बेहतरीन मैच में गुजरात टाइटंस की ओर से विजय शंकर, डेविड मिलर और शुभमन गिल ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की।
बता दें, कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 179 रन बनाए थे। टीम की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 5 चौके और 7 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली लेकिन इसके बावजूद KKR के गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी करने में नाकाम रहे। एक चीज यह भी देखने को मिली कि मेजबान टीम ने अपने अनुभवी गेंदबाज शार्दुल ठाकुर से एक ओवर भी नहीं करवाया।
तमाम लोग इस चीज को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर क्यों शार्दुल ठाकुर को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले जा चुके मैच में गेंदबाजी करने को नहीं दी गई। अब इसी को लेकर रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपना पक्ष रखा।
टीम के कप्तान को हम सबसे ज्यादा पता है: रहमानुल्लाह गुरबाज
रहमानुल्लाह गुरबाज ने मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘अगर आप पूरी तरह से फिट नहीं है तो आप मैच नहीं खेलेंगे। शायद टीम ही यह नहीं चाहती थी कि ठाकुर गेंदबाजी करें। कप्तान, कोच और मैनेजमेंट को मुझसे ज्यादा पता है। मैं इसमें कुछ नहीं कहना चाहता। यह शायद उनका कोई स्पेशल प्लान होगा। उन्होंने इसको लेकर मैच से पहले जरूर बातचीत की होगी।
ठाकुर को शायद टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करना ज्यादा पसंद है। लेकिन अभी गेंदबाजी करने के लिए शायद वो फिट नहीं हैं। मैं इस पर कुछ भी नहीं कहना चाहता। कोच और कप्तान यह बात मुझसे ज्यादा अच्छी तरह से जानते हैं।’
बता दें, गुजरात टाइटंस की ओर से विजय शंकर ने 24 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 51* रन की विस्फोटक पारी खेली जबकि डेविड मिलर ने 18 गेंदों में 32* रन का योगदान दिया। शुभमन गिल ने 49 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।