आरसीबी में चुने जाने से लेकर टीम के कप्तान बनने तक के सफर पर रजत पाटीदार ने किए कई हैरतअंगेज खुलासे - क्रिकट्रैकर हिंदी

आरसीबी में चुने जाने से लेकर टीम के कप्तान बनने तक के सफर पर रजत पाटीदार ने किए कई हैरतअंगेज खुलासे

रजत पाटीदार को आगामी सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का कप्तान नियुक्त किया गया है।

Rajat Patidar (PIC SOURCE-X)
Rajat Patidar (PIC SOURCE-X)

आज यानी 13 फरवरी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के लिए अपने कप्तान की घोषणा कर दी है। विस्फोटक बल्लेबाज रजत पाटीदार को आगामी सीजन के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का कप्तान नियुक्त किया गया है।

आरसीबी के लिए रजत पाटीदार ने अब तक खिलाड़ी के तौर अच्छा प्रदर्शन किया है और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तमाम फैंस का दिल जीता है। यही नहीं रजत पाटीदार उन कुछ खिलाड़ियों में से एक है, जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में शतक भी बनाया है। अब आईपीएल 2025 में उन्हें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देखा जा सकता है। अब कप्तान बनने के बाद रजत पाटीदार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपना आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है, जिसमें रजत पाटीदार ने कहा कि, ‘मैं आपका कप्तान रजत पाटीदार हूं। कई दिग्गज है जिन्होंने आरसीबी की कप्तानी की है और मुझे सम्मानित महसूस हो रहा है कि अब आगामी सीजन में मैं भी यही करता हुआ नजर आऊंगा। मेरी कप्तानी थोड़ी अलग है। मैं थोड़ा शांत व्यक्ति हूं और मुश्किल परिस्थिति में मैं जल्दबाजी नहीं करता हूं और मुझे ऐसा लगता है कि यही मेरी मजबूती है।

कई भारतीय और विदेशी अनुभवी खिलाड़ी टीम में मौजूद हैं और उनसे मुझे काफी कुछ सीखने को मिलेगा। इस बात कि मुझे काफी खुशी है कि आरसीबी फैन्स ने मुझे 4 सालों में काफी प्यार दिया है और सपोर्ट भी किया है। मुझे खुशी महसूस होती है कि मैं आरसीबी की ओर से खेलता हूं। मेरा सफर भी काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है।’

रजत पाटीदार ने आईपीएल की ओर से अपने क्रिकेटिंग करियर की शुरुआत के बारे में किया खुलासा

आरसीबी कप्तान ने आगे कहा कि,’मैं शुरुआत 2021 से करता हूं। यह आईपीएल में आरसीबी की ओर से मेरा पहला साल था। मुझे मौके मिले लेकिन फिर नीलामी में मुझे टीम में शामिल नहीं किया गया। हालांकि, रिप्लेसमेंट के रूप में टीम ने मुझे फिर शामिल किया। मुझे उम्मीद थी कि भविष्य में मेरे साथ काफी कुछ अच्छा होने वाला है। आपकी खुशी महसूस हो रही है कि मुझे दूसरा मौका आरसीबी ने दिया।

2023 में मुझे चोट लगी और फिर मुझे बाहर बैठना पड़ा। मेरे क्रिकेटिंग करियर के सफर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। जिस तरह फैंस ने मेरा सपोर्ट किया मुझे बहुत ही अच्छा लगा। 2024 में मैंने कमबैक किया। वापसी करना किसी भी खिलाड़ी के लिए इतना आसान नहीं होता है। मुझे खुद पर भरोसा था और यही मेरी ताकत है। हम लोग जब 2024 सीजन में काफी नीचे थे, तब मुझे खुद पर भरोसा था और फिर हमने क्वालीफाई किया। आगामी सीजन में हम फिर से धमाकेदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।’

close whatsapp