IND vs AUS 3rd ODI: बारिश करेगी तीसरे वनडे मैच का मजा किरकिरा? जानें कैसा रहेगा राजकोट में मौसम
कल राजकोट में खेला जाएगा भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा वनडे मैच।
अद्यतन - Sep 26, 2023 7:02 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच कल राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन में खेला जाएगा। सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी टीम इंडिया की निगाहें कंगारू टीम का सूपड़ा साफ करने पर होगी। विराट कोहली, रोहित शर्मा समेत सभी सीनियर खिलाड़ी पहले दो वनडे में आराम करने के बाद टीम में लौटेंगे। वहीं, शुभमन गिल और शार्दुल ठाकुर को तीसरे वनडे मैच से आराम दे दिया गया है।
गौरतलब है कि सीरीज का पहला वनडे मैच मोहाली में खेला गया, वहीं दूसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में हुआ। दोनों ही मुकाबले में बारिश ने थोड़ी-थोड़ी देर के लिए मैच का मजा खराब कर दिया। ऐसे में अब फैंस के मन में यही सवाल है कि क्या तीसरे वनडे मैच के दौरान भी बारिश की संभावना है या नहीं।
कैसा रहेगा राजकोट का मौसम?
राजकोट में तीसरे वनडे मुकाबले के दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद है। यानी क्रिकेट फैन्स को पूरे 100 ओवर का मैच देखने का मौका मिलेगा। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना महज 20 प्रतिशत है। इंदौर में खेले गए दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में भी बारिश ने बीच-बीच में खलल डाली थी, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस नियम के तहत लक्ष्य देना पड़ा था।
राजकोट के मैदान के आंकड़े
राजकोट के इस मैदान पर अब तक कुल तीन वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें से तीनों ही मैचों में जीत पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं। यानी जो भी टीम यहां टॉस जीतेगी वो पहले बैटिंग करने का फैसला करेगी। लक्ष्य का पीछा करते हुए अब तक कोई भी टीम इस ग्राउंड पर एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है। पहले पारी में एवरेज स्कोर 311 का रहा है, जबकि दूसरी इनिंग में औसतन स्कोर 290 रहा है।
मैच डिटेल्स
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, तीसरा वनडे=
दिनांक और समय: बुधवार, 27 सितंबर, 1:30 अपराह्न IST
मैदान: सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, राजकोट
यह भी पढ़ें: Rohit Sharma की कप्तानी को लेकर ये क्या कह गए Shubman Gill