रणजी ट्रॉफी फाइनल: दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद मध्य प्रदेश पहुंचा मजबूत स्थिति में - क्रिकट्रैकर हिंदी

रणजी ट्रॉफी फाइनल: दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद मध्य प्रदेश पहुंचा मजबूत स्थिति में

फाइनल मुकाबले में सरफराज खान ने जड़ा शानदार शतक।

Ranji Trophy (Photo Source: Twitter)
Ranji Trophy (Photo Source: Twitter)

भारत की सबसे बड़ी घरेलू सीरीज रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जा रहा है। बता दें कि दूसरे दिन की समाप्ति के बाद मध्य प्रदेश की टीम अपनी पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 123 रन बना चुकी है और फिलहाल एमपी की टीम अच्छी स्थिति में नजर आ रही है। हालांकि अभी भी मध्य प्रदेश की टीम मुंबई की पहली पारी के स्कोर से 251 रन से पीछे है।

सरफराज खान के शतक के बदौलत मुंबई पहुंची मजबूत स्थिति में

दिन के खेल की शुरुआत मुंबई के लिए अच्छी नहीं रही। मध्यक्रम बल्लेबाज शम्स मुलानी दिन के दूसरे ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद तनुषा कोटियान और सरफराज के बीच 40 रनों की छोटी सी साझेदारी हुई हालांकि कोटियान भी 15 रन बनाकर चलते बने। एक छोर पर लगातार विकेट गिरने की वजह से मुंबई की टीम काफी खराब स्थिति में नजर आ रही थी।

इस बीच युवा बल्लेबाज ने एक छोर से टीम की कमान को संभाल कर रखा और रन बनाने के गति में तेजी लाई। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ सूझ-बूझ के साथ बल्लेबाजी की और इस दौरान इस सीजन का अपना चौथा शतक भी पूरा किया। शतक बनाने के बाद वो और भी आक्रामक होकर रन बनाने लगे और 243 गेंदों का सामना करने के बाद 134 रन बनाकर आउट हुए।

उनके इसी शतक के बदौलत मुंबई की 374 रनों के आंकड़े तक पहुंच पाई। मध्य प्रदेश के गेंदबाजों की बात करें तो उनके लिए सबसे सफल गेंदबाज गौरव यादव रहे। उन्होंने इस मुकाबले की पहली पारी में चार विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा अनुभव अग्रवाल को तीन, सारांश जैन को दो और कुमार कार्तिकेय को एक विकेट मिला।

मध्य प्रदेश को भी मिली शानदार शुरुआत

मुंबई के ऑलआउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मध्य प्रदेश को भी काफी अच्छी शुरुआत मिली। टीम के सलामी बल्लेबाज यश दुबे और हिमांशु मंत्री के बीच पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी हुई। टीम को पहला झटका हिमांशु मंत्री के रूप में लगा जो 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यश दुबे और शुभम शर्मा ने पारी को आगे बढ़ाया और संभलकर बल्लेबाजी की। दिन के खेल खत्म होने तक दोनों ने मिलकर टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया।

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मध्य प्रदेश की टीम एक विकेट के नुकसान पर 123 रन बना चुकी और फिलहाल ये मुकाबला बराबरी का दिख रहा है। यश दुबे 44 तो वहीं शुभम शर्मा 41 रन बनाकर नाबाद हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि तीसरे दिन यह मुकाबला किस तरह से आगे बढ़ता है।

close whatsapp