रणजी ट्रॉफी फाइनल: यश दुबे और शुभम शर्मा के शतक के बदौलत मध्य प्रदेश पहुंचा मजबूत स्थिति में - क्रिकट्रैकर हिंदी

रणजी ट्रॉफी फाइनल: यश दुबे और शुभम शर्मा के शतक के बदौलत मध्य प्रदेश पहुंचा मजबूत स्थिति में

मध्य पदेश की तरफ से यश दुबे और शुभम शर्मा ने लगाया शतक।

Ranji Trophy (Photo Source: Twitter)
Ranji Trophy (Photo Source: Twitter)

मध्य प्रदेश और मुंबई के बीच रणजी ट्रॉफी का फाइनल मैच खेला जा रहा है। मुकाबले में शुक्रवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए थे। एमपी के लिए इस वक्त रजत पाटीदार और आदित्य श्रीवास्तव क्रीज पर मौजूद हैं। मध्य प्रदेश अभी मुंबई से पहली पारी के आधार पर महज 6 रन पीछे है। मुंबई ने पहली पारी में 374 रन बनाए थे।

यश दुबे और शुभम शर्मा के बीच हुई शानदार साझेदारी

फाइनल मुकाबले का तीसरा दिन पूरी तरह से मध्य प्रदेश के नाम रहा। बल्लेबाज यश दुबे और शुभम शर्मा ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनो के बीच रिकॉर्ड 222 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि शुरुआत में उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने इस दौरान मिले कमजोर गेंदों को बाउंड्री तक पहुंचाने का काम भी किया।

इस बीच सबसे पहले यश दुबे ने अपना शतक पूरा किया और वहीं दूसरे छोर पर मौजूद शुभम शर्मा ने भी उनका बखूबी साथ दिया। हालांकि इस बीच शुभम शर्मा अपना शतक पूरा करने के बाद पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सके और 215 गेंदों में 116 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। मुंबई की टीम को उनकी दूसरी सफलता 90वें ओवर में मिली। हालांकि शर्मा के आउट होने के बाद रजत पाटीदार बल्लेबाजी करने के लिए उतरे।

पाटीदार और यश दुबे के बीच 72 रनों की साझेदारी हुई। इस बीच यश दुबे भी शानदार शतक बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 336 गेंदों में 133 रन बनाए। हालांकि इसके बाद मध्य प्रदेश को तीसरे दिन कोई और नुकसान नहीं हुआ। दिन का खेल खत्म होने तक रजत पाटीदार और आदित्य श्रीवास्तव क्रीज पर मौजूद हैं। पाटीदार जहां अर्धशतक बनाकर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, वहीं श्रीवास्तव 11 रन बनाकर नाबाद हैं।

लाचार और बेबस दिखे मुंबई गेंदबाज

तीसरे दिन की शुरुआत से ही मुंबई के गेंदबाज एक-एक विकेट के लिए तरसते हुए दिखे। पूरे दिन के खेल में मुंबई के गेंदबाज सिर्फ दो विकेट ही निकाल पाए। एक विकेट जहां शम्स मुलानी ने अपने नाम किया, वहीं दूसरा विकेट तुषार देशपांडे को मिला।

close whatsapp