युजवेंद्र चहल के गली क्रिकेट खेलने पर राशिद खान ने किया मजेदार कमेंट, भारतीय स्पिनर ने भी दिया करारा जवाब
हाल ही में इस शानदार भारतीय स्पिनर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की जिसमें देखा जा सकता है कि वो अपने फैंस के साथ गली क्रिकेट खेल रहे हैं।
अद्यतन - जून 2, 2023 9:15 अपराह्न

भारतीय टीम के बेहतरीन लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में गिना जाता है। लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में उनका कोई जवाब नहीं है। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में भी चहल ने काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और वो इस टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग में युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। चाहे सोशल मीडिया हो या क्रिकेट उन्हें हमेशा काफी मस्ती करते हुए देखा जाता है। हाल ही में इस शानदार भारतीय स्पिनर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की जिसमें देखा जा सकता है कि वो अपने फैंस के साथ गली क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने गली क्रिकेट में कुछ अच्छे शॉट्स भी खेले और यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है।
बता दें, युजवेंद्र चहल ने इसके कैप्शन में लिखा है, ‘गली इंपैक्ट खिलाड़ी क्या बोलती @rajasthanroyals’। इस वीडियो पर अफगानिस्तान के अनुभवी खिलाड़ी राशिद खान ने भी कमेंट किया है। उन्होंने लिखा कि ‘यहां तो 6 मार दे भाई।’ राशिद खान का कमेंट देखकर चहल ने मजाकिया तरीके से इसका जवाब दिया। युजवेंद्र चहल ने कहा कि, ‘6 आउट है यहां खान साहब।’
ये रही युजवेंद्र चहल की वीडियो:
The gully Impact player 😂 kya bolti @rajasthanroyals 👀 pic.twitter.com/MtUXkjJAgO
— Yuzvendra Chahal (@yuzi_chahal) June 1, 2023
युजवेंद्र चहल को इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने 6.5 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। चहल ने भी उस सीजन में काफी अच्छी गेंदबाजी की और पर्पल कैप अपने नाम किया। हालांकि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग 2022 की ट्रॉफी को अपने नाम नहीं कर पाई। वो उस सीजन की फाइनलिस्ट रही थी।
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में भी इस भारतीय खिलाड़ी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और 14 मुकाबलों में 21 विकेट अपने नाम किया। इस साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है और युजवेंद्र चहल को इस टूर्नामेंट में भी अच्छी गेंदबाजी करनी होगी। भारत के पास इस समय स्पिनर्स में उनसे अच्छा गेंदबाज शायद ही कोई और है।