कप्तान रोहित शर्मा भी हुए युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई के मुरीद जिसमें उनकी तारीफ में कही यह बात
रवि बिश्नोई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मैच में 2 अहम विकेट अपने नाम किए।
अद्यतन - फरवरी 17, 2022 6:01 अपराह्न

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी-20 मुकाबला 16 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया। जिसमें भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। टीम की तरफ से युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने भी 21 वर्षीय गेंदबाज की जमकर तारीफ की। बिश्नोई ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में दो ओवर में केवल 17 रन देकर दो अहम विकेट भी हासिल किये।
कप्तान रोहित शर्मा ने मैच के बाद भारतीय युवा स्पिनर को लेकर कहा कि “बिश्नोई बहुत प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। हम उनमें कुछ अलग देखते हैं। इसलिए हमने उनको सीधे टीम में शामिल किया। उसके पास बहुत सारी विविधताएं और कौशल हैं। बिश्नोई किसी भी स्तर पर गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। ऐसे में हमे गेंदबाजी को रोटेट करने में काफी विकल्प मिलते हैं। उनका भविष्य उज्जवल है। अब यह हमारे ऊपर है कि हम उनका उपयोग किस प्रकार से आने वाले भविष्य में करते हैं।”
रोहित ने ईशान किशन का भी समर्थन किया
वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन का भी समर्थन किया जो अपने बल्ले से कुछ खास करने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। सलामी बल्लेबाज जब कप्तान रोहित शर्मा के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 42 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 35 रन ही बना सके। रोहित ने कहा कि टीम उनको विश्वास दिलाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा “मैं उससे लंबे समय से बात कर रहा हूं। जब वह मुंबई इंडियंस के लिए मेरे साथ मध्यक्रम में खेल रहे थे और यहां उनको ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है। हम बस यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम उसे वह आत्मविश्वास दें। टीम उन्हें आत्मविश्वास दिलाने की कोशिश कर रही है।”
रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने बल्लेबाजों को लेकर कहा कि “भारतीय टीम के बल्लेबाजों को मैच थोड़ा जल्दी खत्म करना चाहिए था। इस जीत से हम बहुत अधिक आत्मविश्वास ले सकते हैं। गेंदबाजों के लिए उन्हें उस स्कोर तक सीमित रखना एक बड़े प्रयास से कम नहीं था। यह कुछ ऐसा है जिससे हम कुछ सीख सकते हैं।