रवि शास्त्री का फरमान, हार्दिक पांड्या सिर्फ इस फॉर्मेट में खेलें
पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 का खिताब जीता है।
अद्यतन - Jun 4, 2022 7:14 pm

भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री का मानना है कि हार्दिक पांड्या को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 तक सिर्फ टी-20 मुकाबले खेलने चाहिए और वनडे फॉर्मेट से दूर रहना चाहिए। बता दें, IPL 2022 में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद हार्दिक पांड्या को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज में भारतीय टीम में शामिल किया गया हैं। उन्होंने इस सीजन में गुजरात टाइटंस (GT) की ओर से खेलते हुए बल्लेबाजी और गेंदबाजी विभाग दोनों ही में जबरदस्त प्रदर्शन किया।
स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘गेम प्लान’ में रवि शास्त्री ने कहा कि, “वो मेरे लिए इस टीम में या तो बल्लेबाज के रूप में वापसी करेंगे या ऑलराउंडर के रूप में। मुझे नहीं लगता कि वो इतने ज्यादा चोटिल हैं कि आपके लिए 2 ओवर ना फेंक सकें। वो इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मुझे लगता है कि उन्हें अभी वर्ल्ड कप 2022 तक वनडे मुकाबलों में नहीं खिलाना चाहिए और टी-20 में ही ज्यादा से ज्यादा मुकाबले खिलाने चाहिए।”
हार्दिक पांड्या 2 खिलाड़ियों का काम एक साथ कर सकते हैं: रवि शास्त्री
रवि शास्त्री ने आगे कहा कि वो टीम इंडिया के लिए दो खिलाड़ियों का काम एक साथ कर सकते हैं। पहला, एक बल्लेबाज के तौर पर आप उनको किसी भी क्रम में बल्लेबाजी करा सकते हैं, वहीं गेंदबाजी में 2-3 ओवर भी करवा सकते हैं। बता दें, हार्दिक ने IPL 2022 में गुजरात के लिए नंबर 3 और 4 पर बल्लेबाजी की थी, जहां उन्होंने अच्छा खेला था।
रवि शास्त्री ने आगे कहा कि, “अगर हार्दिक पांड्या दोनों ही डिपार्टमेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं तो यह टीम इंडिया के लिए काफी सकारात्मक बात होगी। उनको टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी टीम में रखना जरूरी होगा। साथ ही जिस तरह का प्रदर्शन उनका IPL 2022 में रहा है, उसको देखते हुए अगर कोई टॉप आर्डर का बल्लेबाज चोटिल हो जाता है तो उनकी जगह हार्दिक पांड्या को भी खिलाया जा सकता है। हार्दिक पांड्या इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी बनकर उभरेंगे।”