विराट कोहली का कैच देखकर खुद जडेजा भी हो गए थे हैरान, कहा- पहली बार किसी ने मेरी गेंदबाजी पर….
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में रवींद्र जडेजा की गेंद पर विराट कोहली ने पकड़ा था शानदार कैच।
अद्यतन - Jul 29, 2023 11:04 am

वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहला वनडे मैच गुरुवार (27 जुलाई) को केंसिंग्टन ओवल में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत में सबसे बड़ा योगदान भारतीय गेंदबाजों का रहा। पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने वेस्टइंडीज को 114 रनों पर समेत दिया। मुकाबले की बात करें तो वैसे तो सभी गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा टीम इंडिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे।
इस बीच मैच के बाद स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने रोमारियो शेफर्ड को आउट करने के लिए विराट कोहली के एक हाथ से शानदार कैच की सराहना की। गुरुवार को वेस्टइंडीज की पारी के 18वें ओवर में, जडेजा की एक गेंद पर शेफर्ड ने ड्राइव मारने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए कोहली के पास जा पहुंची जो दूसरी स्लिप पर तैनात थे। कोहली ने अपनी दाहिनी ओर गिरते हुए एक हाथ से शानदार कैच लपका, जिससे जडेजा भी हैरान रह गए।
रवींद्र जडेजा ने जमकर की विराट कोहली की तारीफ
बीसीसीआई द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में जडेजा ने कुलदीप यादव से कहा, “आम तौर पर, मैं ऐसे कैच तब लेता हूं जब दूसरे गेंदबाजी कर रहे होते हैं। लेकिन यह अच्छा लगा कि किसी ने मेरी गेंदबाजी पर इस तरह का अच्छा कैच लिया। लेकिन यह उसके द्वारा लिया गया बहुत अच्छा कैच था। उसे इसे नीचे लेना था और यह तेज कैच था।
रवींद्र जडेजा ने आगे कहा कि, “साथ ही, उन्हें ज्यादा समय नहीं मिला। बल्लेबाज ड्राइव के लिए गया और उसके पास प्रतिक्रिया देने के लिए बमुश्किल एक सेकंड से भी कम समय था। मैं कहूंगा कि यह (कोहली का) बहुत शानदार कैच था। यहां तक कि शुभमन गिल ने भी अच्छा कैच लिया। यह भी एक नीचा कैच था।”
जहां एक तरफ इस मैच में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार था वहीं दूसरी तरफ भारतीय बल्लेबाजोज ने निराश किया। 114 रन बनाने के लिए भारत ने पांच विकेट गंवा दिए। हालांकि इस बीच अच्छी बात ये रही कि भारत की ओर से ईशान किशन ने सबसे अच्छी बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया।