अब चाहे कुछ हो जाए RCB को पूरी ताकत लगाकर बचे हुए मुकाबलों में जबरदस्त प्रदर्शन करना होगा: टॉम मूडी - क्रिकट्रैकर हिंदी

अब चाहे कुछ हो जाए RCB को पूरी ताकत लगाकर बचे हुए मुकाबलों में जबरदस्त प्रदर्शन करना होगा: टॉम मूडी

आज यानी 18 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 65वां मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा।

RCB Team and Tom Moody (Pic Source-Twitter)
RCB Team and Tom Moody (Pic Source-Twitter)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर टॉम मूडी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को एक बड़ी सलाह दी है। उनके मुताबिक अब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए सभी मुकाबले करो या मरो है और अब उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना बेहद ही जरूरी है।

बता दें, आज यानी 18 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 65वां मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। तमाम फैंस इस बेहतरीन मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस मैच के बाद RCB को अपना आखिरी लीग मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ 21 मई को खेलना है।

टॉम मूडी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि, ‘हाफ स्टेज तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का फॉर्म काफी अच्छा रहा। दूसरे हाफ में टीम ने शुरुआत तो काफी अच्छी की लेकिन उसके बाद वो मुकाबले हारने लगे। अब उन्हें चीजों को गंभीरता से लेना बेहद जरूरी हो गया है। टीम को दो लीग स्टेज मुकाबले खेलने हैं और उन्हें दोनों में जीत दर्ज करनी बेहद जरूरी है।

अब चाहे कुछ भी हो जाए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पूरी ताकत लगाकर बचे हुए मुकाबलों में जबरदस्त प्रदर्शन करना होगा। उनके पास विराट कोहली जैसा खिलाड़ी है जो टीम को प्लेऑफ के लिए आराम से क्वालीफाई करवा सकता है।’

IPL 2023 की अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पांचवे पायदान पर

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अंक तालिका की बात की जाए तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर इस समय पांचवे पायदान पर है। उन्होंने अभी तक इस सीजन में 12 मुकाबले खेले हैं जिसमें से छह में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि छह में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। अगर वो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला जीत जाते हैं तो वो प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के और भी नजदीक आ जाएंगे।

टीम के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और कप्तान फाफ डु प्लेसिस लगातार बड़ा स्कोर बना रहे हैं लेकिन इन तीन बल्लेबाजों के अलावा कोई भी अन्य खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया है। गेंदबाजी की बात की जाए तो मोहम्मद सिराज के अलावा कोई भी अन्य गेंदबाज इस सीजन में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया है। हालांकि अब RCB सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच को अपने नाम करना चाहेंगे।

close whatsapp